हरियाणा में दो दर्दनाक घटनाएं: फरीदाबाद में बहनों पर पेट्रोल से हमला, रेवाड़ी में सड़क हादसे में महिला की मौत
फरीदाबाद में दो बहनों पर पेट्रोल डालकर हमला किया गया, जिसमें एक की मौत हो गई। वहीं रेवाड़ी में सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
■ फरीदाबाद में दो बहनों पर पेट्रोल डालकर हमला, एक की मौत
■ रेवाड़ी में कंटेनर की टक्कर से महिला की जान गई, पति घायल
■ दोनों घटनाओं में पुलिस जांच जारी, आरोपियों पर कार्रवाई
हरियाणा में दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। फरीदाबाद में पारिवारिक रंजिश के चलते दो सगी बहनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, जिसमें एक बहन की मौत हो गई, जबकि दूसरी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। वहीं रेवाड़ी में तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में 3 अप्रैल को हुई घटना में आरोप है कि देवरानी पिंकी ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से अपने पति की बाइक से थोड़ा-थोड़ा पेट्रोल निकालकर जमा कर रही थी। घटना वाले दिन वह बैग में पेट्रोल लेकर पहुंची और शाम के समय छत पर खड़ी दोनों बहनों मीना और सीमा पर पेट्रोल फेंककर आग लगा दी।
आग लगते ही दोनों बहनें बुरी तरह झुलस गईं। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर पहले दिल्ली और बाद में जयपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान सीमा (करीब 90% झुलसी) ने दम तोड़ दिया, जबकि मीना (करीब 60% झुलसी) का इलाज जारी है।परिवार के अनुसार, आरोपी पिंकी को दोनों बहनों का आपसी मेलजोल पसंद नहीं था और इसी वजह से वह उनसे अक्सर विवाद करती रहती थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है कि उसने पेट्रोल कब और कैसे जमा किया।
वहीं दूसरी घटना रेवाड़ी जिले में सामने आई, जहां दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कविता (40) निवासी मिलकपुर गुर्जर, भिवाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस के अनुसार, दंपति अपनी बेटी के ससुराल बावल के जैतपुर गांव जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला कंटेनर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया और महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया। फरार कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।दोनों घटनाओं के बाद एक ओर जहां फरीदाबाद में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, वहीं रेवाड़ी में सड़क हादसे ने एक परिवार को उजाड़ दिया। पुलिस दोनों मामलों में गहराई से जांच कर रही है।
shubham