lIVE: हरियाणा बोर्ड 12वीं का रिजल्ट घोषित, 84.67% छात्र पास , लड़कियों का दबदबा कायम
हरियाणा बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी हो गया है। इस बार कुल पास प्रतिशत 84.67% रहा। लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि चरखी दादरी जिला टॉप पर रहा।
➤ हरियाणा बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 84.67% रहा
➤ लड़कियों ने फिर मारी बाजी, लड़कों से 6.52% आगे रहीं
➤ चरखी दादरी टॉप पर, नूंह जिले का प्रदर्शन सबसे कमजोर
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने मंगलवार को 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार बोर्ड परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 84.67% दर्ज किया गया है। रिजल्ट जारी होते ही लाखों छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 2 लाख 42 हजार 856 छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 2 लाख 5 हजार 618 छात्र पास हुए हैं, जबकि 10 हजार 498 छात्र फेल हो गए।
रिजल्ट में इस बार भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया। बोर्ड आंकड़ों के अनुसार, लड़कियों का पास प्रतिशत 87.97% रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 81.45% दर्ज किया गया। इस तरह लड़कियां लड़कों से 6.52% आगे रहीं।
जिलावार प्रदर्शन की बात करें तो चरखी दादरी जिले का परिणाम सबसे बेहतर रहा। वहीं नूंह जिले का रिजल्ट सबसे कम दर्ज किया गया। बोर्ड के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने शहरी छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है। ग्रामीण क्षेत्रों का पास प्रतिशत 84.98% रहा, जबकि शहरी क्षेत्रों का रिजल्ट 83.91% दर्ज किया गया।
2.42 लाख छात्रों ने दिए एग्जाम
पास: 2,05,618
फेल: 10,498
सब्जेक्ट वाइज रिजल्ट
आर्ट्स: 82.60%
साइंस: 90.08%
कॉमर्स: 88.20%
स्कूल और क्षेत्र वार रिजल्ट
सरकारी स्कूल: 82.44%
प्राइवेट स्कूल: 87.94%
ओपन स्कूल (फ्रेश) रिजल्ट
कुल: 15,288
पास: 6,444 (42.15%)
लड़के: 3,667 (38.01%)
लड़कियां: 2,777 (49.24%)
ओपन स्कूल (रि-अपीयर) रिजल्ट
शामिल: 5,868
पास: 2,939 (50.09%)
स्कूलों के प्रदर्शन में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। प्राइवेट स्कूलों का परिणाम सरकारी स्कूलों से बेहतर रहा। प्राइवेट स्कूलों का पास प्रतिशत 87.94% रहा, जबकि सरकारी स्कूलों में यह आंकड़ा 82.44% दर्ज किया गया।
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ आयोजित किया गया था। रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
पिछले साल यानी 2025 की तुलना में इस बार रिजल्ट में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। 2025 में 12वीं का कुल पास प्रतिशत 85.66% रहा था। उस समय भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन किया था और उनका पास प्रतिशत 89.41% रहा था।
पिछले साल कैथल के छात्र Arpandeep Singh ने 497 अंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया था। वहीं सोनीपत की करीना और जींद की यशिका ने 495 अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया था।
इस बार का रिजल्ट आने के बाद छात्रों के बीच आगे की पढ़ाई और करियर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई छात्र अब कॉलेज एडमिशन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट जाएंगे।
Akhil Mahajan