हरियाणा में स्वास्थ्य बजट का बड़ा ऐलान: सभी जिला अस्पतालों में खुलेंगे AMRIT स्टोर, 14,007 करोड़ का प्रावधान

हरियाणा सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए स्वास्थ्य विभाग को ₹14,007.29 करोड़ का बजट आवंटित किया। सभी जिला अस्पतालों में AMRIT स्टोर, 100 नए उपकेंद्र और मुफ्त डायलिसिस केंद्र की घोषणा।

हरियाणा में स्वास्थ्य बजट का बड़ा ऐलान: सभी जिला अस्पतालों में खुलेंगे AMRIT स्टोर, 14,007 करोड़ का प्रावधान

सभी 23 जिला अस्पतालों में खुलेंगे AMRIT फार्मेसी स्टोर
स्वास्थ्य विभाग को ₹14,007.29 करोड़ का ऐतिहासिक बजट आवंटन
एनसीआर गांवों के लिए 28 नई फूड टेस्टिंग वैन और 100 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र

नई दिल्ली, 2 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जो वित्त मंत्री भी हैं, ने हरियाणा विधानसभा में वर्ष 2026-27 के लिए स्वास्थ्य विभाग का ₹14,007.29 करोड़ का बजट पेश करते हुए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के सभी 23 जिला अस्पतालों में AMRIT (Affordable Medicines and Reliable Implants for Treatment) फार्मेसी स्टोर खोले जाएंगे। इससे मरीजों को बाजार की तुलना में कम दरों पर दवाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान ₹11,507.11 करोड़ की तुलना में यह बजट 21.73 प्रतिशत अधिक है, जबकि 2024-25 के वास्तविक खर्च ₹9,426.67 करोड़ से भी कहीं अधिक है। वर्ष 2026-27 का आवंटन पिछले वर्ष के मुकाबले 32.89 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार हुआ है।

उन्होंने बताया कि संस्थागत प्रसव दर 85.7 प्रतिशत से बढ़कर 98.8 प्रतिशत हो गई है। पूर्ण टीकाकरण दर 85.7 प्रतिशत से बढ़कर 104 प्रतिशत तक पहुंची, जो राष्ट्रीय औसत 97.9 प्रतिशत से अधिक है। मातृ मृत्यु दर 127 से घटकर 89 और शिशु मृत्यु दर 41 से घटकर 26 हो गई है। नवजात मृत्यु दर और पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

जिला अस्पतालों का होगा कायाकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिला अस्पतालों में स्वच्छता सुधार, आधुनिक शौचालय, बेहतर टाइल कार्य और बाहरी स्वरूप को जून 2026 तक उन्नत किया जाएगा। 18 जिलों में सीटी स्कैन, 7 जिलों में एमआरआई सेवाएं और सभी जिलों में अल्ट्रासाउंडब्लड एनालाइजर सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। शेष जिलों में 30 जून 2026 तक सीटी स्कैन, एमआरआई और डिजिटल एक्सरे मशीनें स्थापित कर दी जाएंगी।

अस्पतालों का विस्तार और नए मेडिकल कॉलेज

पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, भिवानी और महर्षि च्यवन चिकित्सा महाविद्यालय, कोरियावास में 100-100 एमबीबीएस विद्यार्थियों का पहला बैच शुरू हो चुका है। पानीपत जिला अस्पताल को 200 से 300 बेड का कर दिया गया है। फरीदाबाद जिला अस्पताल को 400 बेड, सोनीपत व रेवाड़ी को 300 बेड तक अपग्रेड किया जाएगा। गुरुग्राम, हिसार, रेवाड़ी, चरखी दादरी, हांसी, झज्जर और मांडी खेड़ा में अतिरिक्त 100 बेड के भवनों का निर्माण शुरू होगा।

नई स्वास्थ्य सुविधाएं और उपकेंद्र

अंबाला, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र और गुरुग्राम के 9 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अपग्रेड किया जाएगा। 17 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित होंगे। साथ ही 100 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र और आयुषमान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाएंगे।

डायलिसिस, कैथ लैब और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधा

सरकारी अस्पतालों में अब तक 2,38,954 मुफ्त डायलिसिस सत्र आयोजित हो चुके हैं, जिन पर ₹46.4 करोड़ खर्च हुए हैं। 18 नए स्थानों पर डायलिसिस केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यमुनानगर, हिसार, बहादुरगढ़, सोनीपत, करनाल और भिवानी में 6 नए कैथ लैब स्थापित होंगे। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच और रक्त जांच सुविधा दी जाएगी। एफआरयू की संख्या 92 से बढ़ाकर 100 की जाएगी।