ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में CM सैनी करेंगे खेल महाकुंभ का शुभारंभ, दूसरे चरण में 15,410 खिलाडी करेंगे शिरकत
हरियाणा राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2025 का दूसरा चरण 24 से 26 सितंबर तक पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होगा। इसमें 3013 खिलाड़ी जूडो, कराटे, कुश्ती, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और हॉकी में भाग लेंगे।
➤ हरियाणा राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2025 का दूसरा चरण 24 से 26 सितंबर तक पंचकूला में
➤ 3013 खिलाड़ी लेंगे भाग, जूडो, कराटे, कुश्ती, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और हॉकी की होंगी प्रतियोगिताएं
➤ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे उद्घाटन, खेल विभाग और ओलिंपिक संघ के अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2025 का दूसरा चरण बुधवार, 24 सितंबर से शुरू हो रहा है। यह आयोजन पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम में 26 सितंबर तक चलेगा।
जिला खेल अधिकारी नीलकमल ने बताया कि इस तीन दिवसीय महाकुंभ में प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 3013 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस चरण में खिलाड़ियों के बीच जूडो, कराटे, कुश्ती, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल (महिला और पुरुष वर्ग) और हॉकी (पुरुष वर्ग) की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार सुबह 11 बजे खेल महाकुंभ का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में खेल विभाग और हरियाणा ओलिंपिक संघ के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि खेल महाकुंभ का पहला चरण 2 अगस्त 2025 से शुरू हुआ था, जिसे पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उद्घाटित किया था। उस दौरान 26 विभिन्न खेलों में राज्य भर के 15,410 खिलाड़ियों ने 2102 पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा की थी। अब दूसरे चरण में राज्य स्तरीय मुकाबले और रोमांचक होने की उम्मीद है।
इस आयोजन से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। खेल महाकुंभ को हरियाणा सरकार की बड़ी खेल पहल के रूप में देखा जा रहा है।