दोहा में बमबारी का वीडियो भेज रोहतक के युवक ने बताया हालात, बोले- 5-6 हरियाणवी लड़के फंसे, आसमान में दागी जा रही मिसाइलें

रोहतक के गांव मायना निवासी युवक ने दोहा से बमबारी का वीडियो शेयर कर हालात बताए। 5-6 हरियाणा के युवक समेत 50-60 भारतीय कतर में मौजूद, मिसाइलों और धमाकों से दहशत का माहौल।

दोहा में बमबारी का वीडियो भेज रोहतक के युवक ने बताया हालात, बोले- 5-6 हरियाणवी लड़के फंसे, आसमान में दागी जा रही मिसाइलें

रोहतक के गांव मायना निवासी युवक ने दोहा से शेयर किया बमबारी का वीडियो
■ 5-6 हरियाणा के युवक समेत 50-60 भारतीय कतर में फंसे होने का दावा
■ रात 11-12 बजे सुनी बमबारी की आवाज, अब तक सुरक्षित स्थान पर ठहराए गए लोग


आसमान में आग के गोले, होटल से दिखीं मिसाइलें… दोहा से आई डराने वाली तस्वीर

हरियाणा के रोहतक जिले के गांव मायना निवासी युवक ने कतर की राजधानी दोहा से बमबारी का वीडियो शेयर कर सनसनी फैला दी है। युवक ने फोन पर बातचीत में बताया कि ईरान की ओर से किए गए हमले के दौरान आसमान में मिसाइलें दागी जा रही थीं और धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी।

युवक काला मायना पिछले तीन साल से दोहा में काम कर रहा है। उसने बताया कि हालात अचानक बिगड़ गए और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कतर सरकार ने एहतियातन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

5-6 हरियाणवी युवक फंसे, 50-60 भारतीय मौजूद

काला मायना के अनुसार, इस समय दोहा में करीब 50-60 भारतीय मौजूद हैं, जिनमें हरियाणा के 5-6 युवक भी शामिल हैं। उसने जिन युवकों के नाम बताए, उनमें समालखा, अंबाला, कैथल, पानीपत, सोनीपत और रोहतक के युवक शामिल हैं।

उसने बताया कि सभी लोग फिलहाल एक होटल में ठहरे हुए हैं और एक-दूसरे के संपर्क में हैं। परिवार वालों से लगातार बातचीत की जा रही है ताकि उन्हें हालात की जानकारी मिलती रहे और घबराहट न फैले।

रात 12 बजे के बाद थमी बमबारी, लेकिन दहशत बरकरार

काला मायना ने बताया कि रात करीब 11 से 12 बजे के बीच जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। हालांकि रात 12 बजे के बाद फिलहाल बमबारी नहीं हुई है, लेकिन माहौल अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है।

लोगों को घरों और होटलों में रहने की सलाह दी गई है। बाहर निकलने पर पाबंदी जैसी स्थिति है। आसमान में मिसाइलों की चमक साफ दिखाई दे रही थी, जिसका वीडियो उसने रिकॉर्ड कर अपने परिचितों को भेजा।

अमेरिका एयरबेस के पास सुनाई दी धमाकों की गूंज

युवक ने बताया कि वह सुनैइया इलाके के पास होटल में ठहरा हुआ है। वहां से करीब 30-40 किलोमीटर दूर अमेरिका का एयरबेस है, जहां से धमाकों की आवाजें आ रही थीं।

पिछले कई दिनों से इजराइल और ईरान के बीच तनाव चल रहा है। युवक का दावा है कि इस युद्ध में अमेरिका की एंट्री के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं।

15 साल से यूएई देशों में आना-जाना

काला मायना ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से यूएई देशों में काम के सिलसिले में आता-जाता रहा है। पिछले तीन साल से लगातार दोहा में कार्यरत है और फिलहाल कतर सरकार के अंडर ऑयल और गैस फील्ड में तेल के कुएं पर काम कर रहा है।

उसने कहा कि फिलहाल वह और उसके साथी सुरक्षित हैं, लेकिन अचानक हुए हमले ने सभी को झकझोर दिया है।