रोहतक शुगर मिल का मुख्य रसायनविद रिश्वत लेते काबू: ACB ने रंगे हाथ पकड़ा, अंबाला की सुपरवाइजर भी गिरफ्तार
रोहतक के भाली आनंदपुर शुगर मिल के मुख्य रसायनविद को 2.50 लाख रुपये रिश्वत लेते एसीबी ने गिरफ्तार किया। अंबाला में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को भी 2 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा गया।
■ भाली आनंदपुर शुगर मिल का मुख्य रसायनविद 2.50 लाख लेते पकड़ा
■ अंबाला में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर 2 हजार लेते गिरफ्तार
■ दोनों आरोपियों से पूछताछ, कोर्ट में पेशी आज
रोहतक में भाली आनंदपुर स्थित Haryana Sugar Mills के मुख्य रसायनविद मनोज कुमार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने 2.50 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। वहीं अंबाला में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मीनू को 2 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया।
जाल बिछाकर की कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी रणजीत सिंह ने शिकायत दी थी कि मुख्य रसायनविद मनोज कुमार फर्म के बिल की पेमेंट करवाने, तैयार चीनी की गुणवत्ता अनुकूल दर्शाने और प्रदर्शन बेहतर दिखाने के बदले ढाई लाख रुपये मांग रहा है।
ACB अंबाला की टीम ने ट्रैप लगाया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी को रुपये दिए, इशारा मिलते ही टीम ने मनोज कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले में रोहतक ACB थाने में केस दर्ज किया गया है।
अंबाला में सुपरवाइजर भी गिरफ्तार
दूसरे मामले में अंबाला निवासी सुभाष चंद की शिकायत पर कार्रवाई की गई। उनकी पत्नी उषा रानी, जो आंगनबाड़ी हेल्पर हैं, का केवाईसी न होने के कारण IDBI Bank मुलाना शाखा में खाता बंद हो गया था, जिससे तीन महीने का वेतन अटका था।
नया खाता खुलवाने, मोहर-साइन करने और बकाया वेतन डलवाने के बदले सुपरवाइजर मीनू ने 4 हजार रुपये मांगे। 2 हजार पहले लिए जा चुके थे और बाकी 2 हजार लेते समय ACB ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती
ACB की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। ब्यूरो प्रवक्ता ने आमजन से अपील की है कि सरकारी काम के बदले कोई रिश्वत मांगे तो तुरंत सूचना दें।
Akhil Mahajan