हरियाणा में वीटा दूध महंगा, 20 मई से लागू होंगे नए रेट
हरियाणा में वीटा दूध के दाम बढ़ा दिए गए हैं। 20 मई 2026 से फुल क्रीम, टोंड और A2 मिल्क के नए रेट लागू होंगे।
➤ हरियाणा में वीटा दूध के दाम बढ़े, 20 मई से लागू होंगे नए रेट
➤ 500ML फुल क्रीम पैकेट पर ₹1 और 1 लीटर पर ₹2 की बढ़ोतरी
➤ बफेलो A2 मिल्क सबसे ज्यादा महंगा, 1 लीटर पैक ₹78 हुआ
हरियाणा में दूध उपभोक्ताओं को अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। बल्लभगढ़ मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड (वीटा) ने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। नई दरें 20 मई 2026 से लागू होंगी। यानी 19 मई की रात से सप्लाई होने वाला दूध नए रेट पर मिलेगा।
फिलहाल बढ़ी हुई कीमतें केवल बल्लभगढ़ यूनिट के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में लागू की गई हैं। वीटा की ओर से जारी नई रेट लिस्ट के अनुसार फुल क्रीम दूध के 500 ML पैक की कीमत 35 रुपए से बढ़ाकर 36 रुपए कर दी गई है। वहीं 1 लीटर पैक अब 69 रुपए की बजाय 71 रुपए में मिलेगा।
इसके अलावा टोंड मिल्क के 500 ML पैक पर 1 रुपए और 1 लीटर पैक पर 2 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। स्टैंडर्डाइज्ड और डबल टोंड दूध के दामों में भी 1 से 2 रुपए तक इजाफा किया गया है।
सबसे ज्यादा बढ़ोतरी वीटा बफेलो A2 मिल्क में की गई है। इसका 500 ML पैक 37 रुपए से बढ़ाकर 39 रुपए और 1 लीटर पैक 73 रुपए से बढ़ाकर 78 रुपए कर दिया गया है।
बड़े फैमिली पैक भी अब महंगे हो गए हैं। फुल क्रीम मिल्क का 6 लीटर पैक 408 रुपए से बढ़ाकर 432 रुपए कर दिया गया है। वहीं टोंड मिल्क का 6 लीटर पैक अब 336 रुपए की बजाय 360 रुपए में मिलेगा।
हरियाणा डेयरी डेवलपमेंट को-ऑपरेटिव फेडरेशन की रिपोर्ट के अनुसार वीटा रोजाना करीब 10 लाख लीटर दूध की प्रोसेसिंग करता है। राज्य में वीटा के प्लांट जींद, अंबाला, रोहतक, बल्लभगढ़, सिरसा और कुरुक्षेत्र में संचालित हैं।
प्रदेशभर में वीटा के करीब 665 मिल्क बूथ, 16 मिल्क चिलिंग सेंटर और 200 से ज्यादा बल्क मिल्क कूलर (BMC) काम कर रहे हैं, जिनके जरिए हजारों डेयरी किसानों से दूध लेकर शहरों और कस्बों तक सप्लाई की जाती है।
वीटा के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर सतीश कुमार ने बताया कि अभी यह बढ़ोतरी केवल बल्लभगढ़ प्लांट के लिए लागू की गई है। अलग-अलग क्षेत्रों में संचालन लागत और सरकारी नियमों के आधार पर कीमतों में अंतर हो सकता है।
Akhil Mahajan