अमूल के बाद वीटा दूध के दाम भी बढ़ेंगे:₹2 तक हो सकती है वृद्धि, फुल क्रीम ₹70 लीटर तक मिलेगा
हरियाणा में वीटा दूध के दाम 2 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं। फुल क्रीम दूध 70 रुपए लीटर तक पहुंचने की संभावना है, सरकार जल्द फैसला ले सकती है।
- हरियाणा में वीटा दूध के दाम 2 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं
- फुल क्रीम दूध 68 से बढ़कर 70 रुपए प्रति लीटर होने की संभावना
- अमूल और वेरका के बाद अब वीटा भी कीमतें बढ़ाने की तैयारी में
हरियाणा में आम लोगों पर महंगाई का एक और असर देखने को मिल सकता है। अमूल दूध के दाम बढ़ने के बाद अब वीटा दूध भी महंगा होने जा रहा है। जानकारी के अनुसार वीटा दूध के रेट में प्रति लीटर करीब 2 रुपए तक की बढ़ोतरी की जा सकती है। इस संबंध में सरकार जल्द फैसला ले सकती है।
जींद वीटा मिल्क प्लांट के मैनेजर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि हर साल गर्मियों के मौसम में दूध के रेटों में बढ़ोतरी की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत इस बार भी कीमतों में बदलाव प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से एक-दो दिन में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो हरियाणा में फुल फैट क्रीम दूध 70 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच जाएगा। फिलहाल इसकी कीमत 68 रुपए प्रति लीटर है। वहीं बाकी दूध की थैलियों के दामों में भी 2-2 रुपए तक की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
नए प्रस्तावित रेट के अनुसार साढ़े चार फैट वाला दूध 62 रुपए से बढ़कर 64 रुपए प्रति लीटर हो सकता है। वहीं 3 फैट वाला टोंड मिल्क 56 रुपए से बढ़कर 58 रुपए प्रति लीटर तक बिकेगा। इसके अलावा डीटीएन डेढ़ फैट दूध 50 रुपए से बढ़कर 52 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच सकता है।
हरियाणा में अमूल के साथ-साथ वीटा दूध की खपत भी बड़े स्तर पर होती है। इससे पहले पंजाब में वेरका दूध के रेट भी 2 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए जा चुके हैं। अब हरियाणा में भी इसी तरह की बढ़ोतरी होने से लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार किसानों से खरीदे जाने वाले दूध के दाम भी बढ़ाए जाने की तैयारी है। इसका सीधा असर दूध की बिक्री कीमतों पर पड़ रहा है। हालांकि फिलहाल लस्सी, दही और फ्लेवरर्ड मिल्क के दामों में बदलाव की संभावना कम बताई जा रही है।
बता दें कि वीटा ने पिछले साल भी दूध के रेट में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अब एक बार फिर कीमतें बढ़ने से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।
Akhil Mahajan