हरियाणा के 10 जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट जारी
हरियाणा के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी है, जबकि कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। जानिए आपके जिले का मौसम और IMD का ताजा अपडेट।
हरियाणा के 10 जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट जारी
10 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना
भिवानी रहा सबसे गर्म शहर, 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ तापमान
हरियाणा में रविवार को मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि जुलाई के पहले सप्ताह से राहत मिलने के संकेत हैं।
प्रदेश के 15 जिलों में अधिकतम तापमान अभी भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। शनिवार को भिवानी सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 41.4, अंबाला में 41, करनाल में 40.4, चंडीगढ़ में 40.7 और नारनौल में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
रविवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद और चरखी दादरी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से आंशिक राहत मिल सकती है।
1 जुलाई के बाद बढ़ेगी बारिश
आईएमडी के अनुसार 1 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। 2 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है, जिससे अधिकांश जिलों में मौसम बदल सकता है।
60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने बताया कि 1 जुलाई से कई जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
उमस से अभी राहत नहीं
हालांकि कुछ जिलों में बारिश की संभावना है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
pooja