हरियाणा में आज भी झमाझम बरसेंगे बादल! ओलावृष्टि...जानें मौसम का बड़ा अपडेट
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 19 जिलों में ओलावृष्टि और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी है। कई जिलों में बारिश जारी है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
■ हरियाणा के 19 जिलों में ओलावृष्टि-आंधी का ऑरेंज अलर्ट
■ 9 जिलों में सुबह से बारिश, गुरुग्राम में सड़कों पर जलभराव
■ रोहतक में तापमान 10.5 डिग्री गिरा, मार्च में दिसंबर जैसी ठंड
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक करवट ले ली है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बदलाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार को पूरे राज्य में रुक-रुक कर बारिश हुई, जबकि शुक्रवार को भी इसका असर जारी रहा। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
शुक्रवार सुबह से ही सोनीपत, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पंचकूला, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी और पानीपत सहित कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। तेज हवाओं के कारण ठंड का असर अचानक बढ़ गया है और मार्च के महीने में लोगों को दिसंबर जैसी ठंड का एहसास हो रहा है। बारिश के चलते गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है और तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री नीचे चला गया है। सबसे ज्यादा असर रोहतक में देखा गया, जहां तापमान 10.5 डिग्री गिरकर 20.7 डिग्री रह गया। यहां 5 एमएम बारिश भी दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही।
गुरुवार को भी हिसार समेत कई जिलों में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत में तेज हवाओं ने ठंड को और बढ़ा दिया।
इस मौसम परिवर्तन का सबसे बड़ा असर किसानों की फसलों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ओलावृष्टि और तेज हवाएं खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
Akhil Mahajan