हरियाणा में बदला मौसम, 3 जिलों में बारिश सिरसा-फतेहाबाद में ओलावृष्टि, तूफान से टावर टूटा

हरियाणा के सिरसा और फतेहाबाद में बारिश और ओलावृष्टि हुई। तेज तूफान में मोबाइल टावर टूट गया, जबकि कई जिलों में आंधी और बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया गया है।

हरियाणा में बदला मौसम, 3 जिलों में बारिश सिरसा-फतेहाबाद में ओलावृष्टि, तूफान से टावर टूटा

➤ सिरसा और फतेहाबाद में बारिश के साथ गिरे ओले

➤ तेज तूफान में फतेहाबाद का मोबाइल टावर टूटकर लटका

➤ कई जिलों में अभी भी 45 डिग्री के पार बना हुआ तापमान


हिसार। हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम बदलने से कई जिलों में लोगों को राहत मिली है। सिरसा, फतेहाबाद और आसपास के इलाकों में बारिश हुई, जबकि कई जगहों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली। तेज हवाओं और तूफान के कारण फतेहाबाद जिले के जांडवाला बांगर गांव में एक मोबाइल टावर बीच से टूटकर नीचे की ओर लटक गया।

फतेहाबाद के जांडवाला बांगर में बारिश के साथ तेज ओलावृष्टि हुई।

सिरसा और फतेहाबाद में मौसम बदलने के साथ तेज हवाएं चलीं और बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम के अचानक बदले मिजाज से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि कई जिलों में अब भी गर्मी का प्रकोप जारी है।

सिरसा के ग्रामीण इलाकों में बारिश हो रही है, ओले भी गिरे हैं।

मौसम विभाग ने शाम 4:30 बजे से अगले तीन घंटों के दौरान हिसार, हांसी, चरखी दादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, नूंह, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद समेत कई जिलों में तेज धूल भरी हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

सोनीपत में पंखा न होने पर डुपट्टे से हवा करती महिला।

प्रदेश में गर्मी का असर अभी भी कम नहीं हुआ है। रोहतक बुधवार को हरियाणा का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नारनौल, भिवानी और हिसार में भी तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया।

गर्मी में पानी की टंकी के नीचे बैठकर नहाता युवक।

भीषण गर्मी के कारण लोगों को रोजमर्रा की सुविधाओं में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हिसार बस स्टैंड में लगे वाटर कूलर से गर्म पानी निकल रहा है। वहीं पंचकूला सिविल अस्पताल में मरीजों को ठंडा पानी नहीं मिलने के कारण कैंटीन से बोतल खरीदनी पड़ रही है।

हिसार अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे किसान धर्मपाल को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब उनके पास भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरे पैसे नहीं बचे। धर्मपाल 250 रुपए लेकर अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन गर्मी में प्यास लगने पर उन्होंने 20 रुपए की पानी की बोतल खरीद ली। इसके बाद पैसे कम पड़ने के कारण उन्हें भर्ती नहीं किया गया।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। हालांकि नौतपा के दौरान लोगों को लू और हीटवेव से सावधान रहने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों ने तेज धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की अपील की है।