अतिक्रमण हटाने पहुंचा था एसडीओ, दुकानदार डंडा लेकर मारने दौड़ा, पुलिस ले गई थाने
हिसार के सेक्टर-14 में अतिक्रमण हटाने पहुंची HSVP टीम का दुकानदार ने विरोध किया। SDO की ओर डंडा लेकर दौड़ने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
- हिसार में अतिक्रमण हटाने पहुंची HSVP टीम का दुकानदार ने किया विरोध
- डंडा लेकर SDO की तरफ दौड़ा दुकानदार, पुलिस ने हिरासत में लिया
- हाईकोर्ट के आदेश पर सेक्टरों में लगातार चल रही है कार्रवाई
हरियाणा के हिसार में अतिक्रमण हटाने पहुंची हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की टीम को उस समय भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जब एक दुकानदार कार्रवाई से नाराज होकर मौके पर पहुंच गया। मामला शहर के सेक्टर-14 मार्केट का है, जहां HSVP की टीम अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई कर रही थी।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार अचानक गुस्से में डंडा लेकर पहुंच गया और उसने मौके पर मौजूद SDO रामप्रसाद की ओर दौड़ लगा दी। आरोप है कि दुकानदार ने SDO के साथ गाली-गलौज भी की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए आरोपी दुकानदार को काबू किया और हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
घटना सोमवार की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की चर्चा तेज हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि HSVP की टीम मार्केट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही है और दुकानदार इसका विरोध कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दुकानदार अचानक हुई कार्रवाई से नाराज था। उसका कहना था कि प्रशासन को कम से कम एक घंटे का समय देना चाहिए था ताकि व्यापारी अपना सामान व्यवस्थित तरीके से हटा सकें। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
वीडियो में SDO रामप्रसाद दुकानदार को चेतावनी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वह कह रहे हैं कि सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और गाली-गलौज करने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी जब दुकानदार शांत नहीं हुआ तो SDO ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। SDO रामप्रसाद ने कहा कि आरोपी के खिलाफ शिकायत देने के लिए वह स्वयं थाने जाएंगे और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज करवाया जाएगा।
SDO रामप्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने वाला व्यक्ति शराब के नशे में था। उन्होंने कहा कि वह हाथ में झाड़ू लेकर आया था और लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
HSVP अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के तहत की जा रही है। हाईकोर्ट ने सेक्टरों की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत सेक्टर-14 में अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मार्केट में बने अस्थायी खोखे हटाए। इसके अलावा कई कोठियों के बाहर बने अवैध रैंप भी अर्थ मूविंग मशीन की मदद से तोड़े गए। टीम को देखकर कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
HSVP ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की टीम सेक्टर-14, सेक्टर-14 पार्ट-2, सेक्टर-33 और सेक्टर-1 से 4 तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी। जिन इलाकों में पहले कार्रवाई हो चुकी है, वहां भी दोबारा जांच की जाएगी ताकि दोबारा कब्जा न हो सके।
Akhil Mahajan