HSSC ने CET ग्रुप-D अभ्यर्थियों को दी राहत, 9 से 11 जुलाई तक खुलेगा करेक्शन पोर्टल
HSSC ने CET ग्रुप-D अभ्यर्थियों को आवेदन में सुधार का मौका दिया है। 9 से 11 जुलाई तक करेक्शन पोर्टल खुला रहेगा, जहां उम्मीदवार अपनी आवेदन संबंधी त्रुटियां ठीक कर सकेंगे।
HSSC ने CET ग्रुप-D अभ्यर्थियों को आवेदन सुधार का मौका दिया
9 से 11 जुलाई तक खुलेगा करेक्शन पोर्टल
अभ्यर्थी आवेदन की त्रुटियां सुधारकर दोबारा फाइनल सबमिट कर सकेंगे
भिवानी। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) ग्रुप-D के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन में सुधार का अवसर देने का फैसला किया है। आयोग इसके लिए करेक्शन पोर्टल दोबारा खोलेगा, ताकि आवेदन पत्र में हुई त्रुटियों को अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के भीतर ठीक कर सकें।
HSSC ने इससे पहले CET ग्रुप-D के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए 5 जुलाई रात 11:59 बजे तक का समय दिया गया था। अब आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने करेक्शन विंडो खोलने का निर्णय लिया है।
एचएसएससी चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि 9 जुलाई से 11 जुलाई तक, रात्रि 11:59 बजे तक करेक्शन पोर्टल खुला रहेगा। इस दौरान सभी अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र की दोबारा सावधानीपूर्वक जांच करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि रह गई हो तो उसे समय रहते सुधार लें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी के पास करेक्शन पोर्टल से संबंधित कोई सुझाव है, तो वह उसे गूगल फॉर्म के माध्यम से आयोग तक भेज सकता है। आयोग अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था कर रहा है।
आयोग ने पहले भी अभ्यर्थियों को सलाह दी थी कि वे आवेदन पत्र स्वयं भरें और फाइनल सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि किसी प्रकार की गलती न रहे। इसके बावजूद जिन अभ्यर्थियों से किसी कारणवश आवेदन में त्रुटि रह गई है, उन्हें अब सुधार का एक और अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि CET ग्रुप-D भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 जून से शुरू हुई थी। शुरुआत में आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित की गई थी, लेकिन बाद में अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए इसे दो दिन बढ़ाकर 5 जुलाई कर दिया गया था।
pooja