दहेज के लिए विवाहिता को पीट-पीट कर मा*र डाला!मायके से नकदी लाने का दबाव, ससुराल पक्ष पर मर्डर केस दर्ज
कैथल जिले में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया।
➤ दहेज में कैश लाने को लेकर विवाहिता से मारपीट का आरोप
➤ इलाज के दौरान अस्पताल में महिला की मौत
➤ पति समेत 5 ससुरालीजनों पर हत्या की धाराओं में केस
हरियाणा के कैथल जिले के पूंडरी क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। गांव डुलयानी में करीब 31 वर्षीय विवाहिता ज्योति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि मायके से नकदी लाने की मांग को लेकर ज्योति के साथ लगातार मारपीट की जाती थी, और इसी प्रताड़ना के चलते उसकी जान चली गई।
मृतका के पिता वेद प्रकाश, निवासी सिरटा रोड कैथल, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 10 साल पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी सुरजीत निवासी गांव डुलयानी से की थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन इसके बावजूद ज्योति के साथ कथित रूप से मारपीट और प्रताड़ना जारी रही।
परिजनों के अनुसार, 2 फरवरी को उन्हें सूचना मिली कि ज्योति की हालत गंभीर है। इसके बाद ज्योति के ससुर ने फोन कर उन्हें गांव बुलाया। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो ज्योति चारपाई पर बेसुध अवस्था में पड़ी थी। उसे तुरंत कैथल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ज्योति अपने पीछे दो छोटे बच्चों—एक बेटा और एक बेटी—को छोड़ गई है। घटना के बाद से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति, सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan