तीन युवकों ने VIDEO बनाकर जहर निगला, दोस्त के लड़की भगाने के बाद पूछताछ से थे परेशान!

कैथल में तीन युवकों ने वीडियो बनाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। युवकों ने चार लोगों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। पुलिस ने समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई।

तीन युवकों ने VIDEO बनाकर जहर निगला, दोस्त के लड़की भगाने के बाद पूछताछ से  थे परेशान!

कैथल में तीन युवकों ने जहरीला पदार्थ निगलकर जान देने की कोशिश की
वीडियो बनाकर 4 लोगों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए
दोस्त के लड़की भगाने के मामले में पूछताछ से थे परेशान


हरियाणा के कैथल में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन युवकों ने जहरीला पदार्थ निगलकर जान देने की कोशिश की। युवकों ने यह कदम उठाने से पहले एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उन्होंने चार लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।

घटना की सूचना मिलते ही पूंडरी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते इलाज मिलने के कारण तीनों युवकों की जान बच गई। फिलहाल तीनों का इलाज कैथल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

तीनों युवकों का कैथल के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार युवकों की पहचान मूंदड़ी गांव निवासी रोहित और मोहित तथा पिलनी निवासी गौरव के रूप में हुई है। तीनों मजदूरी का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। लड़की जिस युवक के साथ घर से गई थी, वह इन तीनों का दोस्त बताया जा रहा है।

लड़की के परिजनों को शक था कि युवकों ने अपने दोस्त की मदद की है। इसी को लेकर पुलिस और लड़की का परिवार लगातार इनसे पूछताछ कर रहा था। बताया जा रहा है कि इसी मानसिक दबाव और बदनामी के डर से परेशान होकर तीनों युवकों ने यह खौफनाक कदम उठाया।

युवक ने वीडियो में कहा कि बदनामी के कारण हम लोग मर रहे हैं।

रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तीनों युवक ढांड क्षेत्र के चुहड़माजरा गांव के पास खेतों में पहुंचे। यहां उन्होंने वीडियो बनाते हुए कहा कि अगर उनकी मौत होती है तो उसके जिम्मेदार चार लोग होंगे। युवकों ने वीडियो में कहा कि इस मामले में उनका कोई दोष नहीं है, लेकिन लगातार बदनामी और मानसिक दबाव के कारण वे जहर खा रहे हैं।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए युवकों की लोकेशन ट्रैक की और करीब आधे घंटे के भीतर खेतों तक पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

पूंडरी थाना एसएचओ शिवकुमार ने बताया कि युवकों ने जिस दवा का सेवन किया था, वह अत्यधिक जहरीली नहीं थी। इसी वजह से उनकी हालत ज्यादा गंभीर नहीं हुई और समय रहते इलाज मिलने से उनकी जान बच गई। पुलिस जल्द ही तीनों युवकों के बयान दर्ज करेगी और उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।