भाजपा नेता को व्हाट्सएप कॉल कर मांगी 50 लाख रंगदारी, पैसा न देने पर पूरे परिवार को हैंडग्रेनेड से उड़ाने की धमकी
करनाल में भाजपा नेता चौधरी विजयपाल को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई। पैसे नहीं देने पर परिवार पर हैंडग्रेनेड हमले की धमकी दी गई, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
➤ करनाल में भाजपा नेता को ग्रेनेड हमले की धमकी
➤ विदेशी नंबर से मांगी गई 50 लाख की रंगदारी
➤ पुलिस ने परिवार की सुरक्षा बढ़ाकर जांच शुरू की
हरियाणा के करनाल में भाजपा नेता एवं एडवोकेट चौधरी विजयपाल को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। आरोप है कि सोमवार शाम उन्हें एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें कॉलर ने 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी और पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को हैंडग्रेनेड से उड़ाने की धमकी दी।
शिकायत मिलने के बाद करनाल पुलिस तुरंत हरकत में आई और भाजपा नेता के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने इलाके में निगरानी तेज कर दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को “बराड़” बताते हुए धमकी दी और बातचीत के दौरान पूर्व डिप्टी स्पीकर रहे चौधरी वेदपाल का नाम भी लिया।
विदेशी नंबर से आई व्हाट्सएप कॉल
भाजपा नेता चौधरी विजयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कॉलर ने बेहद धमकी भरे अंदाज में कहा कि वह हैंडग्रेनेड से पूरे परिवार को निशाना बना सकता है। आरोपी ने यह भी कहा कि “पुलिस से जितना बच सकते हो बच लो”, लेकिन वह किसी से डरने वाला नहीं है।
धमकी के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस की टेक्निकल टीम विदेशी नंबर की लोकेशन और कॉल डिटेल खंगालने में जुटी हुई है। मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज गीता के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
सीएम और केंद्रीय मंत्री से मिल सकते हैं विजयपाल
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक इस मामले को लेकर विजयपाल जल्द ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना के बाद हलचल तेज हो गई है।
पहले भी परिवार पर हो चुका है हमला
विजयपाल का परिवार पहले भी हमलों का सामना कर चुका है। वर्ष 1984 में मधुबन के पास उनके पिता और पूर्व डिप्टी स्पीकर चौधरी वेदपाल की गाड़ी पर करीब 80 राउंड फायरिंग हुई थी। उस हमले में उनके ड्राइवर की मौत हो गई थी जबकि गनमैन घायल हो गया था। हालांकि चौधरी वेदपाल उस दौरान बाल-बाल बच गए थे।
हाल ही में हटाया गया था सुरक्षा बूथ
कुछ दिन पहले ही एनडीआरआई चौक स्थित विजयपाल के घर के बाहर बने पुलिस सुरक्षा बूथ पर एनएचएआई द्वारा बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। यह बूथ एनएचएआई की सीमा में होने के कारण हटाया गया था। अब धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था फिर बढ़ा दी गई है।
Akhil Mahajan