तरावड़ी मंडी में थप्पड़ कांड, आढ़तियों का हंगामा चेयरमैन पर प्रधान को थप्पड़ मारने का आरोप

करनाल की तरावड़ी मंडी में चेयरमैन पर मंडी प्रधान को थप्पड़ मारने के आरोप के बाद आढ़तियों ने प्रदर्शन कर काम बंद करने का ऐलान किया है। मामला बढ़ने पर विधायक ने हस्तक्षेप किया।

तरावड़ी मंडी में थप्पड़ कांड, आढ़तियों का हंगामा चेयरमैन पर प्रधान को थप्पड़ मारने का आरोप

तरावड़ी मंडी में चेयरमैन पर प्रधान को थप्पड़ मारने का आरोप
आढ़तियों का प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग के साथ काम बंद का ऐलान
विवाद बढ़ने पर विधायक पहुंचे, जल्द समाधान का भरोसा


हरियाणा के करनाल जिले की तरावड़ी अनाज मंडी में मार्केट कमेटी चेयरमैन पर मंडी प्रधान को थप्पड़ मारने के आरोप के बाद विवाद गहरा गया है। घटना के विरोध में आढ़तियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए चेयरमैन के इस्तीफे की मांग उठाई और मंडी में काम बंद करने का ऐलान कर दिया। हालांकि आढ़तियों ने साफ किया है कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता के अनुसार, गुरुवार को मंडी में चंडीगढ़ से आए कमिश्नर द्वारा खरीद व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही थी। इस दौरान एडीसी करनाल और एसडीएम तरावड़ी भी मौजूद थे। बैठक के दौरान एक ट्रांसपोर्टर ने पिछले साल के भुगतान का मुद्दा उठाया, जिस पर चेयरमैन द्वारा की गई टिप्पणी से माहौल गर्मा गया।आढ़तियों को समझाने पहुंचे नीलोखेड़ी विधायक कबीर पंथी।

आरोप है कि चेयरमैन ने आढ़तियों पर गंभीर टिप्पणी करते हुए उन्हें गलत काम करने वाला बताया। इस पर सुभाष गुप्ता ने विरोध जताया और कहा कि यदि कोई भी आढ़ती दोषी साबित होता है तो प्रशासन कार्रवाई करे, लेकिन सभी को एक साथ गलत ठहराना उचित नहीं है।मंडी प्रधान ने यह भी बताया कि पहले हुई जांच में एसआईटी द्वारा आढ़तियों को क्लीन चिट मिल चुकी है और ट्रांसपोर्ट भुगतान का मुद्दा भी सुलझ चुका है। इसके बावजूद चेयरमैन के बयान से आढ़तियों में भारी रोष फैल गया।

सुभाष गुप्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बैठक के बाद रात करीब 8 बजे जब वह मार्केट कमेटी परिसर में अपना स्कूटर लेने पहुंचे, तो चेयरमैन रणदीप ने पीछे से आकर उन्हें थप्पड़ मार दिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके नहीं, बल्कि पूरी मंडी के सम्मान पर हमला है।चेयरमैन पर आरोप लगाते मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता।

घटना के बाद मंडी के सभी आढ़ती एकजुट हो गए और मंडी बंद करने का फैसला लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक मंडी में तुलाई, बिक्री और उठान का कार्य बंद रहेगा। हालांकि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनाज की ढुलाई और सफाई की व्यवस्था जारी रखने की बात कही गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच कर जल्द समाधान निकाला जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मंडी में तनाव का माहौल बना हुआ है और आढ़ती इसे अपने सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं।