करनाल में सेब से भरा ट्रक पुल से गिरा, ड्राइवर घायल

करनाल हाईवे पर झिझांड़ी पुल के पास ट्रक ट्राला की टक्कर से बेकाबू होकर सर्विस रोड पर गिरा। ट्रक सेब की खेप से भरा था। ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, पुलिस जांच कर रही है।

करनाल में सेब से भरा ट्रक पुल से गिरा, ड्राइवर घायल

➤ करनाल हाईवे पर ट्रक बेकाबू होकर झिझांड़ी पुल से गिरा
➤ ट्रक में शिमला से दिल्ली ले जाए जा रहे थे सेब
➤ गनीमत, ड्राइवर को मामूली चोट; सर्विस रोड खाली थी

करनाल के नेशनल हाईवे-44 पर झिझांड़ी पुल के पास सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कोटखाई शिमला से दिल्ली की ओर सेब की खेप लेकर जा रहा एक ट्रक अचानक बेकाबू होकर सर्विस रोड पर जा गिरा। जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब एक ट्राला ने ट्रक को अचानक साइड मार दी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। ट्रक सेफ्टी रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरा।

नेशनल हाईवे फ्लाइओवर से नीचे पड़ा सेब से भरा ट्रक। - Dainik Bhaskar

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक के आगे वाले दोनों टायर अलग होकर दूर जा गिरे। हालांकि गनीमत रही कि ट्रक ड्राइवर राजबीर को केवल मामूली चोटें आईं। यदि उस वक्त सर्विस रोड पर कोई वाहन या पैदल यात्री मौजूद होता तो स्थिति भयावह हो सकती थी।

घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से सड़क को खाली कराने का काम शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सर्विस रोड पर यातायात प्रभावित रहा।

सर्विस रोड पर पलटा ट्रक।

ट्रक चालक राजबीर ने बताया कि हादसा ट्राला ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ। उसने अचानक गाड़ी को साइड दबा दी, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे जा गिरा। ट्रक में सेब की भारी खेप थी, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक मालिक को हादसे की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस ट्राला चालक की पहचान और उसके खिलाफ कार्रवाई में जुटी हुई है।