CM आवास पर किसानों ने डाला पड़ाव:पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, मांगों को लेकर बीच रास्ते में धरने पर बैठे
कुरुक्षेत्र में 10 किसान संगठनों ने तीन दिन का महापड़ाव शुरू किया। सीएम आवास की ओर बढ़ रहे किसानों को जिंदल चौक पर पुलिस ने रोक दिया, जिसके बाद किसान सड़क पर धरने पर बैठ गए।
■ 10 किसान संगठनों का 3 दिन का महापड़ाव शुरू
■ जिंदल चौक पर पुलिस बैरिकेडिंग, हजारों किसान सड़क पर बैठे
■ मांगों पर ठोस आश्वासन तक धरना जारी रखने की चेतावनी
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास कार्यालय की ओर बढ़ रहे किसानों को पुलिस ने जिंदल चौक के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद हजारों की संख्या में पहुंचे किसान वहीं सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जिले में माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताया जा रहा है।
प्रदेश के 10 किसान संगठनों ने तीन दिन का महापड़ाव घोषित किया है। सुबह किसान पहले ताऊ देवीलाल पार्क में एकत्रित हुए, जहां से पैदल रोष मार्च करते हुए सीएम आवास कार्यालय की ओर कूच किया। जिंदल चौक के पास भारी पुलिस बल पहले से तैनात था और बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया था।
जब किसानों को आगे बढ़ने से रोका गया तो वे वहीं धरने पर बैठ गए। किसान नेताओं का कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें उठा रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के प्रधान अमरजीत सिंह मोहड़ी ने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, महापड़ाव जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारी अपने साथ खाने-पीने का सामान लेकर पहुंचे हैं और मौके पर ही डेरा डाल दिया है। उनका कहना है कि यदि सरकार की ओर से कोई अधिकृत प्रतिनिधि बातचीत के लिए आता है तो समाधान संभव है, अन्यथा आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Akhil Mahajan