यात्री बस पलटी, 16 घायल, दिल्ली से भीलवाड़ा जा रही बस हादसे का शिकार
नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से भीलवाड़ा जा रही बस पलट गई। हादसे में ड्राइवर समेत 16 यात्री घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर है।
- नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर यात्री बस पलटी
- बस ड्राइवर समेत 16 यात्री घायल, दो की हालत गंभीर
- प्रारंभिक जांच में ड्राइवर को नींद आना हादसे की वजह
हरियाणा के नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के अंतर्गत गांव भाकडोजी के पास दिल्ली से भीलवाड़ा जा रही एक यात्री बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई।
इस दुर्घटना में बस ड्राइवर सहित 16 यात्री घायल हो गए। घायलों में से दो यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं और उनके फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ड्राइवर को नींद आने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई। हादसे की सूचना पाकर थाना सदर फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बस को कब्जे में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले की जांच जारी है।
Akhil Mahajan