नूंह में महिला ने तीन बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग, दो बच्चियों की मौत बदोपुर गांव में दर्दनाक घटना, मां-बेटी अभी भी लापता
हरियाणा के नूंह जिले के बदोपुर गांव में एक महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। दो बच्चियों के शव बरामद हो गए हैं, जबकि महिला और एक बेटी की तलाश के लिए गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी है।
■ नूंह के बदोपुर गांव में महिला ने तीन बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग
■ दो मासूम बच्चियों के शव बरामद, मां और एक बेटी अभी लापता
■ 70 फुट गहरे कुएं में गोताखोरों और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के बदोपुर गांव में एक महिला अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ गांव के एक गहरे कुएं में कूद गई। इस दर्दनाक घटना में अब तक दो बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि महिला और एक अन्य बेटी अभी भी लापता हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और कुएं में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। गहरे पानी के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
अचानक मचा शोर, गांव में फैल गई सनसनी
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार दोपहर अचानक गांव में शोर मच गया कि कुएं में कोई गिर गया है। लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो पता चला कि एक महिला अपनी तीन बेटियों को साथ लेकर कुएं में कूद गई है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत फिरोजपुर झिरका पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। देखते ही देखते कुएं के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
दो मासूमों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
रेस्क्यू के दौरान कुएं से दो बच्चियों के शव बाहर निकाल लिए गए। डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। जैसे ही यह खबर परिवार तक पहुंची, घर में मातम और चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
70 फुट गहरे पानी में चल रहा सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने महिला और एक अन्य बच्ची को ढूंढने के लिए गोताखोरों की टीम बुला ली है। कुएं में करीब 70 फुट तक पानी होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।
एक ग्रामीण ने बताया कि यदि पानी कम गहरा होता तो वह खुद नीचे उतरकर मदद कर सकता था, लेकिन इतनी गहराई के कारण किसी के लिए भी नीचे उतरना बेहद जोखिम भरा है। फिलहाल ऑक्सीजन सिलेंडर और जाल की मदद से खोजबीन की जा रही है।
महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, वजह अभी रहस्य
महिला ने अपनी बेटियों के साथ इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस घरेलू विवाद, मानसिक तनाव या अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता लापता महिला और बच्ची को ढूंढने की है। साथ ही परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि इस दर्दनाक घटना की असली वजह का पता लगाया जा सके।
shubham