छुट्टी पर आए सेना के लांस नायक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मातम
पलवल में सेना के लांस नायक सुनील बैंसला की सड़क हादसे में मौत हो गई। छुट्टी पर घर आए जवान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
• पलवल में सड़क हादसे में सेना के लांस नायक सुनील बैंसला की मौत
• छुट्टी पर घर आए जवान को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
• पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की
हरियाणा के पलवल में हसनपुर थाना क्षेत्र के सुरजन का नंगला गांव के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के लांस नायक सुनील बैंसला की मौके पर ही मौत हो गई। सुनील कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था और परिवार के साथ समय बिता रहा था।
कुशक गांव निवासी सतीश बैंसला ने बताया कि उनका चचेरा भाई सुनील भारतीय सेना में कार्यरत था और उसकी पोस्टिंग पंचगांव में चल रही थी। सोमवार शाम वह अपनी बुलेट बाइक लेकर घर से निकला था।
रात करीब 10 बजे परिजनों को सूचना मिली कि सुरजन का नंगला गांव के पास सुनील सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो पता चला कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी और चालक वहां से भाग गया था।
घायल सुनील को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जवान की अचानक मौत से परिवार सदमे में है।
सूचना पर हसनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी वाहन चालक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Author1