NH-19 पर भीषण हादसा: LPG कैंटर समेत 5 वाहन टकराए, दो की मौत, कई घायल

पलवल NH-19 पर एलपीजी कैंटर, तीन कारों और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हुए। कैंटर खाली होने से बड़ा विस्फोट टल गया।

NH-19 पर भीषण हादसा: LPG कैंटर समेत 5 वाहन टकराए, दो की मौत, कई घायल

  • NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, LPG कैंटर समेत 5 वाहन टकराए

  • दो लोगों की मौत, छह घायल; मृतकों में कैंटर ड्राइवर और दिल्ली की महिला

  • कैंटर खाली होने से बड़ा विस्फोट टला, पुलिस-फायर टीम ने रेस्क्यू किया



पलवल जिले में नेशनल हाईवे-19 पर संजीवनी अस्पताल के सामने शुक्रवार शाम करीब साढ़े 7 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एलपीजी गैस का एक कैंटर, तीन कारें और एक ट्रक आपस में टकरा गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

राहत की बात यह रही कि दुर्घटनाग्रस्त एलपीजी कैंटर खाली था, जिससे किसी बड़े विस्फोट का खतरा टल गया। मृतकों में कैंटर ड्राइवर सोनू निवासी रेवाड़ी और दिल्ली निवासी महिला रजनी शामिल हैं। घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी अभी पहचान नहीं हो पाई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एलपीजी कैंटर ऊना से गैस खाली कर मथुरा रिफाइनरी जा रहा था। इसी दौरान मथुरा की ओर जा रही एक वैगनआर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कैंटर अनियंत्रित होकर हाईवे की दूसरी ओर पलट गया। पलटने के बाद मथुरा की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार, एक ट्रक और एक अल्टो कार कैंटर से जा टकराईं, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया।

थाना प्रभारी सोमपाल सिंह के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंच गया और फायर ब्रिगेड तथा क्रेन की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक मामले में केस दर्ज नहीं हो पाया था और पुलिस जांच में जुटी हुई है।