होटल संचालक से अवैध वसूली, चौकी प्रभारी सहित चार पुलिसवालों पर केस
पलवल में होटल संचालक से अवैध वसूली के आरोप में चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों पर केस। रिश्वत और धमकी के वीडियो सबूत, तीन गिरफ्तार।
- पलवल में होटल संचालक से अवैध वसूली का बड़ा खुलासा
- चौकी प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों पर केस, तीन गिरफ्तार
- रिश्वत, धमकी और प्रताड़ना के वीडियो सबूत सामने आए
हरियाणा के पलवल जिले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक होटल संचालक से जबरन अवैध वसूली के आरोप में चौकी प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चारों को सस्पेंड कर दिया गया है।
शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद के अनुसार, ओमेक्स सिटी निवासी हसन ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि वह आल्हापुर में होटल और गेस्ट हाउस का संचालन करता है। 17 अक्टूबर 2025 को हवलदार मनोज और एसपी सुंदर उसके होटल पहुंचे और कहा कि चौकी इंचार्ज प्रवीण ने उसे बुलाया है। इसके बाद दिवाली के नाम पर 30 हजार रुपए की मांग की गई।
हसन का आरोप है कि पैसे न देने पर होटल बंद कराने की धमकी दी गई। पुलिसकर्मियों ने कहा कि यह रकम उनकी जेब के लिए नहीं, बल्कि ऑफिस में मिठाई और शराब की बोतलों के लिए है। डर के कारण हसन ने किस्तों में साढ़े 12 हजार रुपए दे दिए।
इसके बाद 12 दिसंबर को चौकी प्रभारी प्रवीण दोबारा होटल पहुंचे और कहा कि यदि होटल चलाना है तो हर महीने 15 हजार रुपए देने होंगे। पैसे न देने पर हसन को चौकी बुलाकर प्रताड़ित किया गया। दबाव में आकर उसने कई किस्तों में 25 हजार रुपए की रिश्वत दी।
24 दिसंबर को होटल में एक ग्राहक और कर्मचारी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दी और बचने के बदले पैसों की मांग की। डर के चलते हसन ने अपने रिश्तेदार से पैसे उधार लेकर 10 हजार रुपए पुलिस को दिए।
लगातार धमकियों और अवैध वसूली से परेशान होकर हसन ने 31 दिसंबर को अपना होटल बंद कर दिया। उसने बताया कि उसके पास रिश्वत लेनदेन और धमकी के पुख्ता वीडियो सबूत हैं, जिन्हें पेनड्राइव में डालकर शिकायत के साथ सौंपा गया है। पीड़ित ने आशंका जताई कि यदि उसे या उसके परिवार को कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार यही चारों पुलिसकर्मी होंगे।
शहर थाना पुलिस ने चौकी प्रभारी प्रवीण, सुभाष, मनोज और सुंदर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। प्रवीण, सुभाष और सुंदर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मनोज की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
Akhil Mahajan