तो हाथ जोड़े खड़े रहे रामकिशन गुर्जर और सैलजा ने फेर लिया मुंह!

पंचकूला में भजनलाल की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान कुमारी सैलजा द्वारा रामकिशन गुर्जर को नजरअंदाज करने का वीडियो सामने आया, जिससे कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान उजागर हुई।

तो हाथ जोड़े खड़े रहे रामकिशन गुर्जर  और सैलजा ने फेर लिया मुंह!

सार्वजनिक मंच पर दिखी कांग्रेस की खींचतान
सैलजा ने रामकिशन गुर्जर का अभिवादन किया नजरअंदाज
क्रॉस वोटिंग विवाद के बाद रिश्तों में आई तल्खी


हरियाणा की राजनीति में चल रही अंदरूनी खींचतान अब सार्वजनिक मंचों पर भी साफ नजर आने लगी है। पंचकूला में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान ऐसा ही एक दृश्य सामने आया, जिसने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को उजागर कर दिया। कार्यक्रम में सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि पंचकूला विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।

कार्यक्रम के दौरान जब कुमारी सैलजा वहां से निकल रही थीं, तब मौजूद नेता और कार्यकर्ता लाइन में खड़े होकर उनका अभिवादन कर रहे थे। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष और नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी के पति रामकिशन गुर्जर भी वहां पहुंचे और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। लेकिन सैलजा ने उनकी ओर देखे बिना ही मुंह फेर लिया और आगे बढ़ गईं।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में देखा जा सकता है कि रामकिशन गुर्जर अभिवादन के लिए खड़े हैं, लेकिन सैलजा उन्हें नजरअंदाज करते हुए आगे निकल जाती हैं। इसके बाद रामकिशन हाथ मलते हुए और मायूस नजर आते हैं। यहां तक कि सैलजा जब अपनी कार में बैठीं, तब भी उन्होंने उनकी ओर नहीं देखा, जबकि रामकिशन पास ही खड़े रहे।

दरअसल, यह पूरा विवाद हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद शुरू हुआ है। विधायक शैली चौधरी का नाम उन कांग्रेस विधायकों में शामिल है, जिन्हें क्रॉस वोटिंग के मामले में नोटिस जारी हुआ है। इसी के बाद से पार्टी के भीतर नाराजगी और गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है।

गौरतलब है कि इस घटना से पहले रामकिशन गुर्जर ने हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने पार्टी में चल रही आंतरिक खींचतान और सम्मान की कमी को इसका कारण बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी के भीतर नेताओं के बीच आपसी संघर्ष का खामियाजा कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।

रामकिशन गुर्जर ने आरोप लगाया था कि राज्यसभा चुनाव के दौरान जानबूझकर उनकी पत्नी का नाम विवाद में घसीटा गया। उन्होंने कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि बिना सबूत किसी पर आरोप लगाना गलत है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए तो वे भी जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे।

इस कार्यक्रम के दौरान भजनलाल परिवार के सदस्य और कई नेता मौजूद रहे। पहले यह कार्यक्रम 3 जून 2025 को आयोजित होना था, लेकिन परिस्थितियों के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। अब पंचकूला में भजनलाल की छठी प्रतिमा का अनावरण किया गया है।

यह पूरा घटनाक्रम इस बात का संकेत है कि हरियाणा कांग्रेस में आंतरिक मतभेद अब खुलकर सामने आ रहे हैं और इसका असर सार्वजनिक कार्यक्रमों तक पहुंच चुका है।