हरियाणा में लूटी कार से हिमाचल में मर्डर प्लान, तीन बदमाश पिस्तौल और कारतूसों के साथ गिरफ्तार
पंचकूला में टैक्सी लूटकर हिमाचल में युवक की हत्या की साजिश रचने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार। कार, दो पिस्टल और कारतूस बरामद। आरोपी रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी।
-
पंचकूला पुलिस ने लूटी गई टैक्सी समेत 3 बदमाशों को हिमाचल हत्या साजिश के आरोप में दबोचा
-
खरड़ से बुक टैक्सी को पंचकूला में लूटकर पोंटा साहिब में युवक की हत्या का था प्लान
-
आरोपियों से 2 पिस्टल, 6 कारतूस बरामद; दो आरोपी पुराने हत्या प्रयास मामलों में नामजद
हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो टैक्सी लूटकर हिमाचल प्रदेश में हत्या करने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों से दो कंट्री मेड पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे बदमाशों ने पंजाब के मोहाली के खरड़ से इन-ड्राइव ऐप पर टैक्सी बुक की। टैक्सी को पंचकूला के रामगढ़ लाया गया, जहां सुनसान स्थान पर आरोपियों ने ड्राइवर को पिस्टल दिखाकर उतार दिया और कार लूटकर फरार हो गए।
टैक्सी ड्राइवर ने तुरंत चंडीमंदिर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय हुईं और हिमाचल प्रदेश के पोंटा साहिब निवासी रोहित धीमान, सतबीर और बिट्टू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कार तथा हथियार बरामद करवाए।
जांच में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पोंटा साहिब के ऋषभ नामक युवक की हत्या करने की योजना बना रहे थे। उनके चौथे साथी हमजा की ऋषभ से पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते यह साजिश रची गई थी। गाड़ी बुक करने के लिए जिन मोबाइल का इस्तेमाल किया गया, उसे भी आरोपियों ने 18 नवंबर को चंडीगढ़ से छीना था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सतबीर और हमजा के खिलाफ पोंटा साहिब थाने में पहले से हत्या के प्रयास के केस दर्ज हैं। सभी आरोपी गांजे के नशे के आदि हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से मिले और क्या आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं।
Author1