ऑनलाइन गेम में हारा पैसा, लूट की झूठी कहानी गढ़ी, जानें फर्जी लूट की कैसे रची शातिर ने स्‍क्रिप्‍ट

पानीपत में ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद युवक ने लूट की झूठी सूचना डॉयल 112 पर दी। पुलिस ने 2 घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

ऑनलाइन गेम में हारा पैसा, लूट की झूठी कहानी गढ़ी,  जानें फर्जी लूट की कैसे रची शातिर ने स्‍क्रिप्‍ट

➤ ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद युवक ने लूट की झूठी कहानी रची
➤ डॉयल 112 पर कॉल कर पुलिस को दी गई थी फर्जी लूट की सूचना
➤ पानीपत पुलिस ने 2 घंटे में मामले का पर्दाफाश कर युवक को गिरफ्तार किया



पानीपत। ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद परिजनों के डर से रची गई झूठी लूट की वारदात का पानीपत पुलिस ने महज दो घंटे में पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में शिकायतकर्ता खुद ही मुख्य साजिशकर्ता निकला। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है।

पुलिस के अनुसार रोशन महल निवासी राघव सिंगला ने 1 जनवरी सुबह करीब 8:15 बजे डॉयल 112 पर कॉल कर सूचना दी थी कि उसके साथ जीटी रोड मलिक पेट्रोल पंप के पास लूट हो गई है। युवक ने बताया कि वह नई सब्जी मंडी में ऑनलाइन मनी ट्रांसफर का काम करता है और एक्टिवा पर दुकान जा रहा था। उसने बैग में 2 लाख रुपए नकद होने की बात कही थी।

शिकायत में बताया गया कि मंकी कैप पहने चार युवक दो बाइकों पर आए और चाकू व गन प्वाइंट पर पैसों का बैग लूटकर फरार हो गए। आरोपी उसकी एक्टिवा की चाबी भी निकालकर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के निर्देश पर थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर महिपाल और सीआईए की तीनों टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने मलिक पेट्रोल पंप, अनाज मंडी कट, खादी आश्रम के सामने सेक्टर-25 कट रोड सहित कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। किसी भी फुटेज में लूट जैसी कोई घटना सामने नहीं आई।

इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर राघव सिंगला से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह 30 दिसंबर को ऑनलाइन क्रिकेट गेम में पैसे हार गया था। परिजनों के डर से उसने मनगढ़ंत कहानी बनाकर झूठी लूट की सूचना डॉयल 112 पर दी।

एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस ने बताया कि आरोपी ने लूट की कहानी को सही दिखाने के लिए बैग और स्कूटी की चाबी जीटी रोड किनारे झाड़ियों में फेंक दी थी। झूठी सूचना देने के आरोप में राघव सिंगला को बीएनएस की धारा 217 के तहत गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि झूठी शिकायत न करें, इससे पुलिस का समय और संसाधन बर्बाद होते हैं और समाज में भय का माहौल बनता है। पुलिस 24 घंटे आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर है और झूठी सूचना देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।