पानीपत में सनसनीखेज वारदात: मायके में आई पत्नी की पति ने चुन्नी से गला घोंटकर ह*त्या, आरोपी फरार
पानीपत के लोहारी गांव में पति ने मायके में आई पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी।
➤ मतलौड़ा थाना क्षेत्र के गांव लोहारी की घटना
➤ शराब के नशे में हुआ झगड़ा, सुबह दोबारा लौटा पति
➤ 4 बच्चों की मां थी मृतका पूजा
➤ पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
पानीपत जिले के मतलौड़ा थाना अंतर्गत गांव लोहारी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है, जो चार बच्चों की मां थी।
मिली जानकारी के अनुसार, लोहारी निवासी रणधीर सिंह की बेटी पूजा की शादी किवाना गांव निवासी कपिल से हुई थी। पूजा के तीन बेटे और एक बेटी हैं। वह 8 फरवरी को अपने बच्चों को ससुराल छोड़कर मायके लोहारी आई थी।
9 फरवरी को पति कपिल उसे लेने मायके पहुंचा। बताया जा रहा है कि शाम को कपिल ने शराब पी रखी थी और इसी दौरान पत्नी, सास और ससुर के साथ उसका झगड़ा हो गया। रात में कपिल मायके में ही रुक गया।
बस अड्डे से लौटकर की हत्या
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे कपिल ने सास-ससुर से कहा कि वह जा रहा है। इसके बाद सास खेतों में और ससुर मजदूरी पर चले गए। उनके जाने के बाद कपिल बस अड्डे तक गया, लेकिन वहां से वापस घर लौट आया। घर में अकेली पूजा के साथ उसकी फिर कहासुनी हुई। इसके बाद उसने टीवी की आवाज तेज कर दी और पूजा की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।दोपहर करीब 12 बजे, जब पूजा की मां घर लौटीं, तो उन्होंने बेटी का शव देखा और बदहवास हो गईं। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही इसराना थाना इंस्पेक्टर महिपाल, डीएसपी आत्माराम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद पूजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
Akhil Mahajan