पानीपत में मनी एक्सचेंज सेंटर पर दिनदहाड़े फायरिंग

पानीपत के असंध रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने मनी एक्सचेंज सेंटर के बाहर गोलियां चलाईं। वारदात से पहले 5 बार रेकी की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

पानीपत में मनी एक्सचेंज सेंटर पर दिनदहाड़े फायरिंग

पानीपत में दिनदहाड़े मनी एक्सचेंज सेंटर पर फायरिंग
बाइक सवार बदमाशों ने आधा दर्जन से ज्यादा राउंड चलाए, दहशत
वारदात से पहले 5 बार रेकी, पुलिस ने शहर में नाकाबंदी की


हरियाणा के पानीपत में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार बदमाशों ने असंध रोड पर स्थित एक मनी एक्सचेंज सेंटर के बाहर सरेआम गोलियां चला दीं। घटना अनेजा पेट्रोल पंप के सामने हुई, जहां बदमाशों ने आधा दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला।

अनेजा पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाश कैद हो गए। - Dainik Bhaskar

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश अचानक बाइक पर पहुंचे और हथियार लहराते हुए दुकान के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग की आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस हमले में मनी एक्सचेंज संचालक और कर्मचारी बाल-बाल बच गए, हालांकि दुकान के बाहर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।

5 बार रेकी के बाद की गई वारदात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना सोची-समझी साजिश का हिस्सा लग रही है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात से पहले शनिवार सुबह से ही करीब पांच बार दुकान के आसपास रेकी की थी। वे संभवतः सही मौके का इंतजार कर रहे थे।

दोपहर के समय जब असंध रोड पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई, उसी दौरान बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और इलाके की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।

मौके पर पहुंची पुलिस की कई टीमें

घटना की सूचना मिलते ही पानीपत पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर CIA यूनिट, थाना पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम को तुरंत भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से गोलियों के खोल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल

व्यस्त असंध रोड पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बदमाशों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है। दुकानदारों के अनुसार जिस जगह यह वारदात हुई, वहां हमेशा लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में खुलेआम फायरिंग होना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। कई व्यापारियों ने प्रशासन से इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस की आगामी कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर में नाकाबंदी कर दी गई है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह मामला रंगदारी या आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। CIA की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।