बिस्कुट खाने का शौकिन कुत्ता! शातिरों ने 9 मिनट में हैंडलूम कारोबारी के घर 30 तोला सोना और ₹7 लाख नगदी उड़ाई
पानीपत के सेक्टर-12 में दिनदहाड़े चोरी, हैंडलूम कारोबारी के घर से 30 तोले सोना और लाखों नकद चोरी। CCTV में चोर कैद, पुलिस जांच जारी।
- सेक्टर-12 के पॉश इलाके में दिनदहाड़े बड़ी चोरी
- महज 9 मिनट में 30 तोले सोना और 7 लाख नकद ले उड़े चोर
- पालतू कुत्ते को बिस्कुट खिलाकर वारदात को दिया अंजाम
पानीपत शहर के पॉश इलाके सेक्टर-12 में बुधवार दोपहर बाद चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हैंडलूम कारोबारी ईश खुराना के घर को चोरों ने उस समय निशाना बनाया, जब पूरा परिवार धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। महज 9 मिनट में चोरों ने 25 से 30 तोले सोने के आभूषण और 6 से 7 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए।
ईश खुराना ने बताया कि बुधवार को उनके मामा कश्मीरी लाल की शादी की गोल्डन जुबली के अवसर पर मॉडल टाउन स्थित श्री सनातन धर्म महाबीर दल मंदिर में सुंदरकांड पाठ आयोजित किया गया था। दोपहर करीब 2 बजे परिवार घर पर ताला लगाकर मंदिर गया था।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि चोरों ने पहले से घर की रेकी कर रखी थी। फुटेज के अनुसार, दो युवक शाम 5:20 बजे घर में दाखिल हुए और बेहद पेशेवर तरीके से अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान समेट लिया। चोरों ने गहनों को अपनी जैकेट में छिपाया और 5:29 बजे घर से निकल गए।
हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरों के निकलने के 5 से 7 मिनट बाद ही परिवार घर लौट आया। यदि परिवार कुछ मिनट पहले पहुंच जाता, तो चोरों से आमना-सामना हो सकता था।
घर में मौजूद पालतू कुत्ते को चुप कराने के लिए चोरों ने बिस्कुट का सहारा लिया। परिवार के लौटने पर कुत्ते के सामने फर्श पर बिखरे बिस्कुट मिले, जिससे अंदाजा लगाया गया कि चोरी के दौरान कुत्ते को बहलाया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। CCTV फुटेज में चोरों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं, जिसके आधार पर सीआईए और स्थानीय पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Akhil Mahajan