नीदरलैंड में बोले पीएम मोदी- दुनिया आपदाओं के दौर से गुजर रही
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दुनिया के संकटों पर चिंता जताई और भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बताया।
- नीदरलैंड में बोले पीएम मोदी- दुनिया आपदाओं के दौर से गुजर रही
- कोरोना, युद्ध और ऊर्जा संकट को बताया मानवता के लिए बड़ी चुनौती
- भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने नीदरलैंड दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दुनिया के मौजूदा हालात, भारत की प्रगति और भारत-नीदरलैंड संबंधों पर विस्तार से बात की। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने वैश्विक संकटों पर चिंता जताई और कहा कि मौजूदा दशक दुनिया के लिए “आपदाओं का दशक” बनता जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया नई चुनौतियों से जूझ रही है। पहले कोरोना महामारी आई, फिर युद्ध की स्थितियां बनीं और अब दुनिया ऊर्जा संकट का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि हालात नहीं बदले तो पिछले कई दशकों में हुई प्रगति पर पानी फिर सकता है और दुनिया की बड़ी आबादी फिर से गरीबी में धकेली जा सकती है।
द हेग में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब भी उनकी नीदरलैंड के नेतृत्व से बातचीत हुई, वहां हमेशा भारतीय समुदाय की मेहनत, प्रतिभा और योगदान की प्रशंसा की गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि नीदरलैंड में भारतीयों ने अपनी मेहनत से खास पहचान बनाई है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की तकनीकी और आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि आज का भारत बड़े सपने देख रहा है। देश का युवा अब AI, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप और डिजिटल टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छूना चाहता है।
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। जहां 12 साल पहले देश में 500 से भी कम स्टार्टअप थे, वहीं आज उनकी संख्या 2 लाख से ज्यादा हो चुकी है। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत में अब 125 एक्टिव यूनिकॉर्न कंपनियां हैं और देश तेजी से इनोवेशन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल इंडिया की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में एक साल में 20 बिलियन से ज्यादा UPI ट्रांजेक्शन हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में होने वाले कुल डिजिटल ट्रांजेक्शन का बड़ा हिस्सा अकेले भारत में हो रहा है।
#WATCH | The Hague | Prime Minister Narendra Modi meets King Willem-Alexander and Queen Máxima of Nertherlands, during the second leg of his five nation visit.
(Source: ANI/DD) pic.twitter.com/AkIfvpz905 — ANI (@ANI) May 16, 2026
उन्होंने कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर निर्माण में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट पर काम चल रहा है और इनमें से दो में उत्पादन शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब “डिजाइन इन इंडिया” और “मेड इन इंडिया” चिप्स दुनिया में नई पहचान बनाएंगे।
भारत और नीदरलैंड के रिश्तों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने दोनों देशों की दोस्ती की तुलना कमल और ट्यूलिप से की। उन्होंने कहा कि जैसे नीदरलैंड ट्यूलिप फूलों के लिए मशहूर है और भारत कमल के लिए जाना जाता है, वैसे ही दोनों देशों के संबंध भी मजबूत जड़ों पर टिके हैं।
#WATCH | Netherlands: Prime Minister Narendra Modi says, "Has Jhalmuri reached even here? In the recent Assembly elections, voter turnout stood at 80–90%, with a remarkably high participation rate among women... Voting records are being broken every year..."
(Video: ANI/DD) pic.twitter.com/Mn2EYuCkiv — ANI (@ANI) May 16, 2026
उन्होंने कहा कि नीदरलैंड यूरोप में भारतीय कारोबार के लिए “नेचुरल गेटवे” बन सकता है और इसमें प्रवासी भारतीय अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में भारतीय खानपान का भी जिक्र किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए पूछा, “क्या झालमुड़ी यहां भी पहुंच गई?” उनके इस अंदाज पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 16 मई उनके लिए बेहद खास दिन है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और देश में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनी थी। उन्होंने कहा कि देशवासियों का विश्वास ही उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में भारतीय समुदाय के लोगों ने “भारत माता की जय” के नारों के साथ पीएम मोदी का स्वागत किया। पूरे हॉल में उत्साह और तालियों की गूंज सुनाई दी।
Akhil Mahajan