सोमनाथ के 75 साल पूरे, PM मोदी ने किया भव्य शिवाभिषेक

सोमनाथ मंदिर के 75 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष पूजा की। 11 तीर्थों के जल से शिखर अभिषेक और सूर्यकिरण एयर शो आकर्षण का केंद्र रहे।

सोमनाथ के 75 साल पूरे, PM मोदी ने किया भव्य शिवाभिषेक

➤ सोमनाथ मंदिर के 75 साल पूरे, PM मोदी ने किया भव्य पूजन

➤ 11 तीर्थों के जल से हुआ शिखर का कुंभाभिषेक, आसमान में दिखा एयर शो

➤ चेतक हेलिकॉप्टर से बरसे फूल, सूर्यकिरण टीम ने बांधा समा


अरब सागर के किनारे बसे सोमनाथ मंदिर में सोमवार को इतिहास, आस्था और राष्ट्र गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर के पुनर्निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के 75 साल पूरे होने पर आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर दिखाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी सुबह जामनगर पहुंचे और वहां से करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए सोमनाथ मंदिर पहुंचे। रास्तेभर लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। डमरू की गूंज, हर-हर महादेव के जयकारे और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

मंदिर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने सबसे पहले सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वे मंदिर परिसर में पहुंचे और भगवान सोमनाथ महादेव का विशेष पूजन व जलाभिषेक किया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर पहली बार मंदिर के शिखर का कुंभाभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 11 पवित्र तीर्थों के जल से मंदिर शिखर का अभिषेक हुआ। इसके लिए विशाल कलश को 90 मीटर ऊंची क्रेन की मदद से मंदिर के ऊपर स्थापित किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने रिमोट के जरिए इस विशेष अनुष्ठान को संपन्न कराया।

जैसे ही मंदिर में पूजा और आरती पूरी हुई, उसी दौरान आसमान से चेतक हेलिकॉप्टर ने फूलों की वर्षा की। मंदिर परिसर फूलों की पंखुड़ियों से ढक गया और श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” के जयकारों से वातावरण गूंजा दिया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला, जब भारतीय वायुसेना की मशहूर सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने सोमनाथ मंदिर के ऊपर शानदार एयर शो किया। लाल और सफेद रंग के हॉक Mk-132 विमान आसमान में करतब दिखाते नजर आए। विमानों ने तिरंगे के रंगों का धुआं छोड़कर पूरे माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

वायुसेना के विमान जामनगर एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरकर करीब 182 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 18 मिनट में तय कर सोमनाथ पहुंचे। लगभग 15 मिनट तक चले इस एयर शो को देखने के लिए हजारों लोग समुद्र किनारे और मंदिर परिसर के आसपास जमा रहे।

यह साल सोमनाथ मंदिर के लिए एक और वजह से ऐतिहासिक माना जा रहा है। दरअसल, वर्ष 1026 में आक्रमणकारी महमूद गजनवी ने मंदिर पर हमला कर इसे ध्वस्त कर दिया था। उस घटना के भी एक हजार साल पूरे हो गए हैं। ऐसे में यह अमृत महोत्सव इतिहास, आस्था और पुनर्निर्माण के संकल्प का प्रतीक बन गया।

कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ ट्रस्ट के म्यूजियम का भी दौरा किया। यहां मंदिर से जुड़े प्राचीन अवशेष और ऐतिहासिक धरोहरें प्रदर्शित की गई हैं।

सूर्यकिरण टीम का एयर शो, जामनगर एयरफोर्स स्टेशन से आए विमान