पंजाब में अफसर के सुसाइड से मचा सियासी तूफान मंत्री का नाम लेकर DM ने खाया जहर, वीडियो वायरल

पंजाब के अमृतसर में वेयरहाउस DM गगनदीप सिंह रंधावा ने मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लेकर सुसाइड कर लिया। टेंडर विवाद और दबाव के आरोपों के बीच CM भगवंत मान ने मंत्री से इस्तीफा ले लिया है।

पंजाब में अफसर के सुसाइड से मचा सियासी तूफान मंत्री का नाम लेकर DM ने खाया जहर, वीडियो वायरल

मंत्री का नाम लेकर वेयरहाउस DM ने खाया जहर, 12 सेकेंड वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
टेंडर देने का दबाव और मारपीट का आरोप, परिवार ने केस दर्ज करने की मांग की
CM भगवंत मान ने तुरंत लिया इस्तीफा, जांच चीफ सेक्रेटरी को सौंपी


पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के लिए बड़ा झटका सामने आया है, जहां अमृतसर वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज घटना से पहले उन्होंने 12 सेकेंड का वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लेते हुए कहा कि वे उनके डर से यह कदम उठा रहे हैं।इस घटना के सामने आते ही पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मंत्री से इस्तीफा ले लिया और पूरे मामले की जांच चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा को सौंप दी।

मृतक अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा द्वारा जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्होंने सल्फास खा ली है और अब वे नहीं बचेंगे। वीडियो में उन्होंने मंत्री का नाम लेते हुए डर और दबाव की बात कही, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।मामले में कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला और पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया ने आरोप लगाया कि फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) द्वारा बनाए गए वेयरहाउस के टेंडर को लेकर विवाद था।आरोप है कि मंत्री ने अपने पिता के नाम पर टेंडर अप्लाई करवाया था, लेकिन नियमों के अनुसार टेंडर नहीं मिल पाया। इसके बाद अधिकारी पर दबाव बनाया गया। यहां तक आरोप लगाए गए कि अधिकारी को घर बुलाकर मारपीट की गई, उसकी वीडियो बनाई गई और परिवार को लेकर धमकाया गया।

मृतक के परिवार ने मंत्री के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने ऐलान किया है कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अस्पताल से शव नहीं ले जाएंगे।वहीं, पंजाब राज्य गोदाम निगम फील्ड इंप्लाईज यूनियन ने भी इसे राजनीतिक दबाव का परिणाम बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यूनियन का कहना है कि यह मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि मानसिक प्रताड़ना के कारण हुई है।मंत्री लालजीत भुल्लर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है।अब पूरे मामले की नजर जांच पर टिकी है, जो यह तय करेगी कि यह मामला वास्तव में दबाव और प्रताड़ना का है या कुछ और सच्चाई सामने आएगी।