पंजाब में पुलिस चौकी के अंदर डबल मर्डर करने वाला पुलिस एनकाउंटर में ढ़ेर, दो गिरफ्तार
गुरदासपुर के आदियां गांव की पुलिस चौकी में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के चार दिन बाद मुख्य आरोपी एनकाउंटर में मारा गया। एक आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी।
➤ गुरदासपुर की आदियां पुलिस चौकी में दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या
➤ मुख्य आरोपी रणजीत एनकाउंटर में ढेर, दिलावर गिरफ्तार
➤ तीसरे आरोपी इंद्रजीत की तलाश में लगातार छापेमारी
पंजाब के गुरदासपुर जिले के गांव आदियां स्थित पुलिस चौकी में दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में आरोपियों की पहचान के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी बुधवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मृतकों की पहचान होमगार्ड जवान अशोक कुमार और पंजाब पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। दोनों भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित चौकी पर ड्यूटी पर तैनात थे। रविवार को उनके शव चौकी के भीतर बने कमरे से बरामद किए गए थे। प्राथमिक जांच में दोनों को गोली मारे जाने की पुष्टि हुई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान की। इनमें गांव आदियां के निवासी रणजीत सिंह और इंद्रजीत सिंह शामिल हैं, जबकि तीसरा आरोपी दिलावर सिंह गांव आलिनंगल का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिलावर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार सुबह रणजीत सिंह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के दौरान उसने फायरिंग की, जिसके जवाब में कार्रवाई की गई।
तीसरे आरोपी इंद्रजीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। ग्रामीण इलाकों और पुलिस चौकियों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में विशेष जांच टीम पूरे मामले की तहकीकात कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा और हत्या के पीछे की साजिश तथा मकसद का खुलासा किया जाएगा।
इस दोहरे हत्याकांड ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस महकमा इसे गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रहा है, ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Akhil Mahajan