एपस्टीन फाइल में PM की हिस्ट्री:राहुल गांधी
गुरुग्राम में राहुल गांधी ने बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने भाजपा, पीएम मोदी, चुनाव, बेरोजगारी और अमेरिका डील को लेकर कई बड़े बयान दिए।
- राहुल गांधी गुरुग्राम में बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में शामिल हुए
- राहुल ने भाजपा पर चुनाव चोरी, बेरोजगारी और अमेरिका डील को लेकर लगाए गंभीर आरोप
- PM मोदी, अडाणी और एपस्टीन फाइल को लेकर दिए बयानों से राजनीति गरमाई
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को हरियाणा के गुरुग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में हिस्सा लिया। राहुल गांधी खांडसा चौक से एसडी स्कूल तक करीब एक किलोमीटर पैदल चले। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।
सभा में राहुल गांधी ने कहा कि बृजेंद्र सिंह की यह यात्रा हरियाणा के लोगों की आवाज और उनकी समस्याओं को समझने की एक बड़ी कोशिश है। उन्होंने कहा कि बृजेंद्र सिंह ने हजारों किलोमीटर पैदल चलकर जनता की नब्ज को समझा है और कांग्रेस पार्टी के अन्य युवा नेताओं को भी इसी तरह जनता के बीच जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक की 4000 किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान लाखों लोग उनके साथ जुड़े थे। उन्होंने कहा कि “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान” का नारा जनता की भावना से निकला था और आज देश को सबसे ज्यादा इसी सोच की जरूरत है।
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बंगाल और असम में भाजपा ने चुनाव “चोरी” करने का सिस्टम बना लिया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लाखों वोटरों के नाम काटे जाते हैं और नए नाम जोड़े जाते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के नियंत्रण में काम कर रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश का सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को डिग्रियां तो मिल रही हैं, लेकिन रोजगार नहीं मिल रहा। छोटी इंडस्ट्री बंद हो रही हैं और किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने अमेरिका-भारत डील पर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने अमेरिकी दबाव में समझौते किए हैं। उन्होंने कहा कि इस डील से भारतीय किसानों को नुकसान होगा और अमेरिका का माल भारत में खुले तौर पर बिकेगा।
सभा के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडाणी को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “अडाणी और मोदी एक हैं” और आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष के खिलाफ किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास इस बात के सबूत हैं कि केंद्र सरकार अमेरिका के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में यूएस-इंडिया डील पर भाषण के दौरान उन्हें बोलने नहीं दिया गया।
उन्होंने दावा किया कि “नरेंद्र मोदी अमेरिका की अनुमति के बिना कोई फैसला नहीं ले सकते।” राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा को हराएगी और जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।
सभा में राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइल का भी जिक्र किया और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूरी हिस्ट्री उस फाइल में है। इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
वहीं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी सद्भाव यात्रा 7 अक्टूबर को शुरू हुई थी और अब तक करीब 2700 किलोमीटर की यात्रा पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य समाज में भाईचारा और सद्भाव का संदेश देना था।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, कानून व्यवस्था और वोट चोरी जैसे कई मुद्दे सामने आए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को हरियाणा से विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने किसानों, मजदूरों और महिलाओं की आवाज उठाने का काम किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के हरियाणा आने से युवाओं में नया उत्साह आया है। उन्होंने कहा कि देश का गरीब और युवा वर्ग राहुल गांधी को भविष्य के नेता के रूप में देख रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, अभिनेता एवं कांग्रेस नेता राज बब्बर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यात्रा और जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
Akhil Mahajan