हिसार में जीवन कुंडू ह*त्याकांड पर आज महापंचायत, खाप और किसान यूनियनें होंगी शामिल
हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आज महापंचायत होगी। खाप पंचायतें और किसान यूनियनें शामिल होंगी, पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई है।
➤ जीवन कुंडू हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आज लघु सचिवालय पर बड़ी महापंचायत
➤ खाप पंचायतों और किसान यूनियनों की मौजूदगी के बीच पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
➤ मुख्य आरोपी पर 50 हजार का इनाम, लुकआउट सर्कुलर जारी; 10 पुलिस टीमें कई राज्यों में तलाश में जुटीं
हिसार। हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर बुधवार को लघु सचिवालय पर बड़ी महापंचायत होने जा रही है। महापंचायत में कई खाप पंचायतों के साथ किसान यूनियनें भी शामिल होंगी। पंचायत को देखते हुए लघु सचिवालय क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
महापंचायत में शामिल होने के लिए लोग सुबह से ही जुटना शुरू हो गए हैं। इससे पहले पूनिया और कुंडू खाप लगातार लघु सचिवालय पर चल रहे धरने की अगुवाई कर रही हैं। ऐसे में आज बड़ी संख्या में लोगों के महापंचायत में पहुंचने की संभावना है।
4 अगस्त को लाठी-डंडों से पीटकर की थी हत्या
बता दें कि 4 अगस्त की सुबह हिसार के सूर्यनगर इलाके में डेयरी संचालक जीवन पर हमला हुआ था। आरोप है कि करीब 10 से 15 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस के युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसे तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन जीवन को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं मुख्य आरोपी रमेश पुत्र चमन लाल शर्मा पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
मुख्य आरोपी पर 50 हजार का इनाम, लुकआउट सर्कुलर जारी
हिसार पुलिस ने मुख्य आरोपी रमेश पुत्र चमन लाल शर्मा की गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आरोपी के पोस्टर हरियाणा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और बिहार में भी प्रसारित किए हैं।
पुलिस को आरोपियों के विदेश भागने की आशंका भी है। इसे देखते हुए सभी वांछित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।
हिसार एसपी सिद्धान्त जैन के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें अलग-अलग राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
राकेश टिकैत भी धरने पर पहुंचे
लघु सचिवालय पर चल रहे धरने में किसान नेता राकेश टिकैत भी पहुंचे थे। उन्होंने जीवन कुंडू के परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
टिकैत ने कहा कि हरियाणा में भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरह अपराध पर नकेल कसने की जरूरत है। उन्होंने पुलिस से अपराधियों के खिलाफ उसी तरह सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
पीड़ित परिवार को सुरक्षा, घर पर पुलिस तैनात
पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया है कि पीड़ित पक्ष की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पीड़ित परिवार को व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए गनमैन उपलब्ध कराया गया है।
इसके अलावा पीड़ित परिवार के निवास स्थान पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
परिवार के पुनर्वास और नौकरी की प्रक्रिया शुरू
कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ पीड़ित परिवार की सहायता और पुनर्वास के लिए भी प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार परिवार के सदस्य को नौकरी देने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा है कि हिसार पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जीवन कुंडू और उसके पड़ोसी रमेश के बीच विवाद की शुरुआत करीब डेढ़ महीने पहले हुई थी। सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन की डेयरी थी। वह रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था।
आरोप है कि गोबर डालने को लेकर रमेश से उसका विवाद हुआ था। इसके कुछ दिन बाद जीवन अपनी डेयरी में खोर यानी हौद बनवा रहा था। इस दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इसी विवाद में रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।
मौत से पहले का वीडियो भी आया था सामने
जीवन का मौत से पहले का करीब 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में उसके दोनों पैरों पर चोट के गहरे निशान दिखाई दे रहे थे।
वीडियो में जीवन ने आरोप लगाया था कि पड़ोसी रमेश के साथ 15 से 20 युवक मौजूद थे। उसने मोल्हड़ नाम के एक युवक का भी जिक्र किया था।
जीवन ने वीडियो में बताया था कि आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और उसकी टांग तोड़ दी। इसके बाद उसकी हालत गंभीर होती चली गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अब इस मामले में होने वाली महापंचायत पर सभी की नजरें टिकी हैं। खाप पंचायतों और किसान संगठनों की मौजूदगी में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
pooja