इस्तीफे के बाद भी नहीं थमा विवाद, रेणु भाटिया से माफी की मांग पर अड़ीं नर्सें
रेणु भाटिया के इस्तीफे के बाद भी नर्सों का विरोध जारी है। नर्सिंग एसोसिएशन ने सार्वजनिक माफी, मानहानि केस और FIR दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
➤ रेणु भाटिया के इस्तीफे के बाद भी नर्सों ने सार्वजनिक माफी की मांग दोहराई
➤ नर्सिंग एसोसिएशन ने मानहानि केस और FIR दर्ज कराने की चेतावनी दी
➤ बैठक के बाद हरियाणा में नर्सों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया
हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया के विवादित बयान को लेकर शुरू हुआ विवाद उनके इस्तीफे के बाद भी थमता नजर नहीं आ रहा है। सरकारी अस्पतालों की नर्सें अब भी रेणु भाटिया से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग पर अड़ी हुई हैं। नर्सिंग संगठनों का कहना है कि केवल इस्तीफा देने से मामला खत्म नहीं होगा, क्योंकि उनके बयान से पूरे नर्सिंग समुदाय के सम्मान को ठेस पहुंची है।
बुधवार को पंचकूला में नर्सिंग स्टाफ ने विरोध प्रदर्शन और हड़ताल की। हालांकि बाद में एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया गया। इसके बावजूद नर्सिंग संगठनों ने कानूनी लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया है।
हरियाणा नर्सिंग एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता ने कहा कि संगठन रेणु भाटिया के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने और एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कानूनी सलाह ली जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विनीता ने कहा कि अभी तक रेणु भाटिया का इस्तीफा औपचारिक रूप से मंजूर नहीं हुआ है। उनका कहना है कि जब तक वह सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगतीं, तब तक आंदोलन पूरी तरह समाप्त नहीं माना जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आयोग की चेयरपर्सन के बयान ने नर्सिंग समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
नर्सिंग एसोसिएशन ने अस्पतालों में कार्यरत महिला नर्सिंग अधिकारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। विनीता ने कहा कि सीएचसी और पीएचसी स्तर पर कई नर्सिंग ऑफिसर रात में अकेले ड्यूटी करती हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी रहती हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब एक माह पहले इस संबंध में रेणु भाटिया को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पूरा विवाद 7 जून को कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में हुए दौरे के दौरान शुरू हुआ था। अस्पताल में एक युवती से दुष्कर्म की घटना के बाद रेणु भाटिया निरीक्षण के लिए पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन और ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ को फटकार लगाई थी।
इसी दौरान सीनियर नर्सिंग ऑफिसर अनिता से बातचीत में उन्होंने कहा था, "क्या आपकी भी बेटी है, छोड़ दूं उसे किसी के साथ 15 मिनट एक कमरे में।" इस टिप्पणी का वीडियो सामने आने के बाद नर्सिंग समुदाय में भारी नाराजगी फैल गई। इसके बाद प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और कई स्थानों पर नर्सिंग स्टाफ हड़ताल पर चला गया।
विवाद बढ़ने और लगातार हो रहे विरोध के बीच रेणु भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि नर्सिंग संगठनों का कहना है कि इस्तीफा उनकी मांगों का अंतिम समाधान नहीं है और वे सार्वजनिक माफी तथा कानूनी कार्रवाई की मांग पर कायम रहेंगे।
Akhil Mahajan