रेवाड़ी में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़: दोनों ओर चलीं गोलियां बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई सब-इंस्पेक्टर की जान

रेवाड़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दोनों ओर से फायरिंग हुई। दो बदमाश घायल हुए, जबकि सब-इंस्पेक्टर की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचा ली।

रेवाड़ी में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़: दोनों ओर चलीं गोलियां बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई सब-इंस्पेक्टर की जान

रेवाड़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई जबरदस्त मुठभेड़

दो बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल, सब-इंस्पेक्टर की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई

हत्या, लूट और फिरौती के मामलों में वांछित दोनों बदमाश गिरफ्तार


हरियाणा के रेवाड़ी जिले में देर रात CIA धारूहेड़ा और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि एक सब-इंस्पेक्टर भी बदमाशों की गोली का निशाना बने। राहत की बात यह रही कि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई।

पुलिस के अनुसार CIA धारूहेड़ा को सूचना मिली थी कि जड्थल क्षेत्र में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों का पीछा शुरू किया। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब चार-चार राउंड गोलियां चलीं। जवाबी फायरिंग में मोहन (निवासी बोलनी) और गोविंद उर्फ झम्मन (निवासी राजस्थान) के पैरों में गोली लगी। दोनों को मौके पर काबू कर रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

मुठभेड़ के दौरान सब-इंस्पेक्टर फखरुद्दीन को भी गोली लगी, लेकिन उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट ने उन्हें सुरक्षित बचा लिया। गोली जैकेट में लगने से बड़ा हादसा टल गया और अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित रहे।

यह पूरी कार्रवाई CIA धारूहेड़ा प्रभारी योगेश के नेतृत्व में की गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों बदमाशों पर हत्या, लूट, फिरौती समेत संगीन धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी।

पुलिस ने बताया कि 28 जून को मोहन, उसके साथी प्रवीण और गोविंद उर्फ झम्मन ने गांव बखापुर निवासी रतिराम पर तीन राउंड फायरिंग की थी। उसी मामले में भी दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे।

देर रात रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि पुलिस टीम बदमाशों का पीछा कर रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के नेतृत्व में रेवाड़ी पुलिस जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है।