पत्नी काे दी गाली तो हथौड़े से कर दी दोस्त की हत्या
पानीपत के समालखा में राजमिस्त्री इंतजार की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बारू उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी को लेकर अपशब्द और थप्पड़ मारने से नाराज होकर आरोपी ने हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी थी।
■ पत्नी को लेकर अपशब्द कहने पर राजमिस्त्री की हथौड़े से हत्या
■ समालखा के जौरासी रोड पर राजवाहे की पटरी पर मिला था युवक का खून से लथपथ शव
■ सीआईए-वन ने आरोपी बारू उर्फ सन्नी को हथवाला मोड़ से किया गिरफ्तार
पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में राजमिस्त्री की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए-वन समालखा की टीम ने जांच के दौरान हत्या के आरोपी को पकड़कर पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया। आरोपी की पहचान हथवाला गांव निवासी बारू उर्फ सन्नी के रूप में हुई है, जो फिलहाल चुलकाना गांव में किराए के मकान में रह रहा था और ई-रिक्शा चालक का काम करता था।
सीआईए-वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि 19 फरवरी को जौरासी रोड स्थित राजवाहे की पटरी पर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। सूचना मिलने के बाद समालखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल में रखवा दिया। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान के लिए प्रयास शुरू किए।
दो दिन बाद यानी 21 फरवरी को मृतक की पहचान चुलकाना निवासी इंतजार के रूप में हुई। मृतक की पत्नी शबाना को अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली तो वह अस्पताल पहुंची और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपने पति के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को शक के आधार पर बारू उर्फ सन्नी को हथवाला मोड़ से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चुलकाना से समालखा के बीच ई-रिक्शा चलाता है। घटना वाले दिन उसने इंतजार को अपने ई-रिक्शा में बैठाया और जौरासी रोड स्थित राजवाहे की पटरी पर ले गया।
वहां दोनों बैठकर शराब पीने लगे। इसी दौरान शराब के नशे में इंतजार ने आरोपी की पत्नी के बारे में अपशब्द कहे और उसे थप्पड़ भी मार दिए। इस बात से गुस्साए आरोपी बारू उर्फ सन्नी ने अपने ई-रिक्शा में रखा हथौड़ा निकाला और इंतजार के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से इंतजार की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़कर अदालत में पेश किया। इंस्पेक्टर फूल कुमार के अनुसार आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें।
Akhil Mahajan