समालखा में नशा मुक्ति अभियान: एएसआई जगपाल ने दिलाई शपथ

समालखा में नशा मुक्ति अभियान: एएसआई जगपाल ने दिलाई शपथ

समालखा में नशा मुक्ति अभियान तेज, एएसआई जगपाल ने दिलाई विद्यार्थियों और कर्मचारियों को शपथ
गवर्नमेंट स्कूल और इंडस्ट्री में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, नशे के दुष्परिणाम बताए
एसपी पानीपत के आदेश पर पूरे जिले में चलाया जा रहा अभियान


समालखा अशोक शर्मा 

समालखा (पानीपत) में नशा मुक्ति अभियान के तहत मंगलवार को एएसआई जगपाल सिंह ने गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मान्डी और गणपति सपेनटैक्स इंडस्ट्रीज नामुन्डा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और जीवन में कभी भी नशा न करने की शपथ दिलाई।

जगपाल सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति को सकारात्मक विचारों से प्रेरणा लेकर स्वयं नशा छोड़ना चाहिए और साथ ही दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण युवा वर्ग तेजी से मानसिक बीमारियों की चपेट में आ रहा है। इसके चलते न सिर्फ परिवार टूट रहे हैं बल्कि समाज का सामाजिक ताना-बाना भी प्रभावित हो रहा है।

एएसआई ने बताया कि एसपी पानीपत भूपेंद्र सिंह के आदेशानुसार पूरे जिले में डीएसपी समालखा की देखरेख में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा भी लगातार नशा मुक्ति अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि सरकारी अस्पतालों में नशा पीड़ितों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और नशा करने वाले व्यक्तियों का पानीपत के सरकारी अस्पताल में मुफ्त इलाज किया जाता है।

जगपाल सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि जैसे कभी देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराया गया था, उसी तरह अब हर नागरिक को मिलकर देश को नशे की गुलामी से आजाद कराना है।