'इंडियाज गॉट लेटेंट 2 में आलिया भट्ट ने की समय रैना की तारीफ,समय रैना ने आलिया भट्ट और शरवरी को दिया खास गिफ्ट हैम्पर
'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' के BTS वीडियो में समय रैना ने आलिया भट्ट और शरवरी को खास गिफ्ट दिए। आलिया ने समय और बलराज की दोस्ती की तारीफ करते हुए कई दिलचस्प बातें साझा कीं।
'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' के BTS वीडियो में आलिया भट्ट ने की समय रैना की जमकर तारीफ
समय रैना ने आलिया भट्ट और शरवरी को दिया खास गिफ्ट हैम्पर
शो के पहले एपिसोड को सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिलीं
कॉमेडियन समय रैना के चर्चित शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के दूसरे सीजन का पहला एपिसोड रिलीज होने के बाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब शो की शूटिंग का एक बीटीएस (बिहाइंड द सीन) वीडियो सामने आया है, जिसमें समय रैना, आलिया भट्ट और शरवरी के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिल रही है।
यह वीडियो समय रैना ने अपने यूट्यूब चैनल के मेंबर्स-ओनली सेक्शन में शेयर किया है। वीडियो में समय रैना शूटिंग शुरू होने से पहले दोनों अभिनेत्रियों से बातचीत करते नजर आते हैं। इस दौरान उन्होंने आलिया और शरवरी को खास गिफ्ट हैम्पर भी भेंट किए, जिनमें उनकी साइन की हुई तस्वीरें शामिल थीं।
वीडियो के एक हिस्से में आलिया भट्ट समय रैना और उनके दोस्त बलराज की दोस्ती की तारीफ करती दिखाई देती हैं। आलिया ने कहा कि शो के एक विशेष एपिसोड में दोनों ने जिस तरह अपनी दोस्ती के बारे में बात की थी, वह उन्हें बेहद भावुक कर गया था।
आलिया ने कहा कि उस एपिसोड में दोस्ती को जिस तरह से प्रस्तुत किया गया, उसे देखकर वह भावुक हो गई थीं। उन्होंने बताया कि उस शो की वजह से वह समय और बलराज को और बेहतर तरीके से समझ पाईं।
बातचीत के दौरान आलिया ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को पहली बार फ्लाइट में देखा था। उन्होंने बताया कि समय ने उन्हें एक एपिसोड भेजा था, जिसे देखते हुए वह इतनी जोर से हंस रही थीं कि उन्हें यह भी ध्यान नहीं रहा कि उनकी बेटी राहा उनके पास सो रही थी।
इसके बाद समय रैना ने आलिया भट्ट को एक गिफ्ट हैम्पर दिया। जब आलिया ने उसके अंदर रखी समय रैना की फ्रेम की हुई तस्वीर देखी और उस पर लिखा संदेश पढ़ा, तो वह हंसने लगीं। तस्वीर पर लिखा था, "हमेशा से तुम जैसी किसी को अपना ऑटोग्राफ देना चाहता था।"
वहीं, समय रैना ने अभिनेत्री शरवरी को भी अपनी साइन की हुई तस्वीर भेंट की। शरवरी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह उनके लिए बेहद कीमती तोहफा है और वह इसे अपने बेडसाइड टेबल पर रखेंगी, क्योंकि वह हमेशा से समय रैना का ऑटोग्राफ चाहती थीं।
इस बीच 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' के पहले एपिसोड को दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। सोशल मीडिया पर कई दर्शकों ने कहा कि नए सीजन में पहले सीजन जैसी 'रॉ एनर्जी' नजर नहीं आई। कुछ लोगों ने शो के ह्यूमर को हल्का, स्क्रिप्टेड और जरूरत से ज्यादा प्रमोशनल भी बताया।
हालांकि, शो में आलिया भट्ट और शरवरी की मौजूदगी को लेकर काफी चर्चा हो रही है और बीटीएस वीडियो को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
pooja