सोनीपत राई स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में हादसा: स्विमिंग पूल में डूबने से छात्र की मौत

सोनीपत की राई स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में स्विमिंग पूल में डूबने से क्रिकेट छात्र निशांत गौतम की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सोनीपत राई स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में हादसा: स्विमिंग पूल में डूबने से छात्र की मौत

➤ राई स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में छात्र की मौत

➤ क्रिकेट में पीजी डिप्लोमा कर रहा था निशांत गौतम

➤ दो दिन पहले शुरू हुए पूल की सुरक्षा पर उठे सवाल


हरियाणा के सोनीपत स्थित राई स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में डूबने से एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान निशांत गौतम निवासी पलवल के रूप में हुई है। वह यूनिवर्सिटी में क्रिकेट के पीजी डिप्लोमा फाइनल ईयर का छात्र था।

जानकारी के अनुसार, निशांत यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहता था। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे वह स्विमिंग पूल में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना यूनिवर्सिटी प्रबंधन तक काफी देर से पहुंची, जिसके चलते समय पर बचाव कार्य नहीं हो सका।

हादसे के बाद यूनिवर्सिटी स्टाफ और अन्य छात्रों की मदद से निशांत को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में शोक और हड़कंप का माहौल बन गया।

सूत्रों के मुताबिक, यूनिवर्सिटी का स्विमिंग पूल मंगलवार से ही दोबारा शुरू किया गया था। ऐसे में अब पूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि हादसे के समय पूल पर लाइफगार्ड मौजूद था या नहीं

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारी अब सीसीटीवी फुटेज, पूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और स्टाफ की मौजूदगी की जांच कर रहे हैं।