सोनीपत में कार से लोगों को कुचलने का प्रयास

सोनीपत की ऋषि कॉलोनी में सब्जी की रेहड़ी हटाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। कार चालक पर लोगों को कुचलने की कोशिश का आरोप है। सीसीटीवी फुटेज सामने आया।

सोनीपत में कार से लोगों को कुचलने का प्रयास

  • सोनीपत की ऋषि कॉलोनी में रेहड़ी हटाने को लेकर हिंसक झगड़ा
  • कार चालक पर महिलाओं और लोगों को कुचलने की कोशिश का आरोप
  • दोनों पक्षों के लोग घायल, एक की हालत गंभीर


हरियाणा के सोनीपत शहर की ऋषि कॉलोनी में सब्जी की रेहड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़े संघर्ष में बदल गया। इस घटना का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक कार चालक गली में मौजूद महिलाओं और स्थानीय लोगों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करता नजर आ रहा है।

सोनीपत में सीसीटीवी में दिख रही कार और दौड़ रहे व्यक्ति।

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत सड़क पर सब्जी की रेहड़ी लगाने को लेकर हुई। कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार चालक तेजी से गाड़ी आगे-पीछे करता है और वहां खड़े लोगों को टक्कर मारने का प्रयास करता है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई

पीड़ित महिला ने स्‍थानीय व्‍यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपी ने सब्जी की रेहड़ी पलट दी और विरोध करने पर बदतमीजी कीछेड़खानी की और जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। बीच-बचाव करने आए महिला के पति के साथ भी मारपीट की गई।

वहीं दूसरी ओर, आरोपी ने  सभी आरोपों को झूठा बताया है। उनका कहना है कि सड़क पर रेहड़ियां लगी होने से रास्ता जाम था, इसलिए उन्होंने केवल रास्ता साफ करने के लिए रेहड़ी हटाई थी। आरोप है कि लौटने पर महिला, उसके पति और अन्य लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया, गाड़ी में तोड़फोड़ की और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई।

इस झगड़े में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। सभी को सोनीपत के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से एक की हालत गंभीर होने पर उन्हें रोहतक PGI रेफर किया गया है।

ऋषि कॉलोनी निवासी  ने बताया कि आरोपी ने पहले उनकी रेहड़ी पलट दी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बाद में आरोपी ने जानबूझकर गाड़ी चढ़ाई, वहां मौजूद अन्य लोगों को भी कुचलने का प्रयास किया और ट्रैक्टर में बार-बार टक्कर मारी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

पुलिस ने वायरल वीडियो कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार निष्पक्ष जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।