Update: सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: झूला गिरने से SHO की मौत, 13 घायल; 18 लोग थे सवार, मेला ग्राउंड कराया खाली

फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से बड़ा हादसा हुआ। एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए। मेला ग्राउंड खाली कराया गया।

Update: सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: झूला गिरने से SHO की मौत, 13 घायल; 18 लोग थे सवार, मेला ग्राउंड कराया खाली

➤ सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से पुलिस इंस्पेक्टर की मौत
➤ हादसे में 13 लोग घायल, निजी और सिविल अस्पताल में इलाज
➤ DC मौके पर पहुंचे, मेला ग्राउंड तत्काल खाली कराया


हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेले में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक झूला अचानक ऊपर से नीचे आते हुए गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर (SHO) की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। झूले पर हादसे के वक्त कुल 18 लोग सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झूला जब ऊपर की ओर गया तो कुछ क्षणों के लिए अटक गया। इसके बाद अचानक तेज आवाज के साथ नीचे गिर पड़ा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूला गिरते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए निजी अस्पताल और बादशाह खान सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर आयुष सिन्हा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा कारणों से पूरा मेला ग्राउंड खाली करा दिया गया

इस घटना में जान गंवाने वाले पुलिस इंस्पेक्टर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए थे। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और झूला संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है।

हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और घायलों को हर संभव बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 39वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट मेला 31 जनवरी को शुरू हुआ था, जिसका उद्घाटन उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने किया था। यह मेला 15 फरवरी तक चलना है। मेले में देश के 30 राज्यों के करीब 1150 कलाकार और 46 देशों के विदेशी कलाकार हिस्सा ले रहे हैं।