व्हाइट हाउस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीक्रेट सर्विस ने ढेर किया हमलावर, ट्रम्प की बेटी को भी हत्या की धमकी
वॉशिंगटन के वॉशिंगटन हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप को सुरक्षित निकाला और हमलावर को मार गिराया।
- वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान चली गोलियां
- सीक्रेट सर्विस ने तुरंत कार्रवाई कर ट्रंप को सुरक्षित निकाला
- हमलावर मुठभेड़ में ढेर, सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरा
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में स्थित वॉशिंगटन हिल्टन होटल में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान अचानक गोलियां चलने लगीं। उस समय होटल के बैंक्वेट हॉल में बड़ी संख्या में पत्रकार, अधिकारी और वीआईपी मेहमान मौजूद थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर ने सुरक्षा घेरा तोड़कर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाने की कोशिश की। गोलियों की आवाज सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंट सक्रिय हो गए और उन्होंने तेजी से कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे होटल और आसपास के इलाके को घेर लिया।
बताया जा रहा है कि कुछ ही मिनटों के भीतर सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया। घटना के दौरान भारी सुरक्षा बल मौके पर तैनात कर दिया गया और होटल परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया।
घटना के करीब एक घंटे बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों और कानून प्रवर्तन अधिकारियों की तेजी और बहादुरी की सराहना की। ट्रंप ने कहा कि हमलावर की आपराधिक पृष्ठभूमि थी और वह अमेरिकी संस्थाओं को लेकर असामान्य जुनून रखता था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। जांच एजेंसियां हमलावर की पहचान, उसके मकसद और सुरक्षा में हुई चूक की जांच कर रही हैं। घटना ने अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Akhil Mahajan