बंगाल में बीजेपी नेता के पीए की गोली मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। NH-12 पर हुई इस घटना में कई लोग घायल हुए, जांच जारी है।
- बीजेपी नेता के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या
- NH-12 पर बाइक सवार हमलावरों ने किया ताबड़तोड़ फायर
- एक घंटे में दूसरी वारदात, भाजपा कार्यकर्ता भी गोली से घायल
पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में बुधवार रात बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात रात करीब 11:30 बजे हुई, जब रथ अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से NH-12 पर सिलीगुड़ी की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मध्यमग्राम इलाके के जेस्सोर रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं, जो रथ के सीने और सिर में लगीं। गंभीर हालत में उन्हें पास के नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हमले में रथ के ड्राइवर समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने NH-12 पर जाम लगाकर हमलावरों के एनकाउंटर की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही सुवेंदु अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बाद में अस्पताल जाकर स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल काफी तनावपूर्ण रहा।
VIDEO | BJP leader Suvendu Adhikari's personal assistant Chandranath Rath was shot at from close range by unidentified assailants in West Bengal's North 24 Parganas district on Wednesday night, sources said.
(Source: Third Party)
(Full video available on… pic.twitter.com/L1QAKFI60N — Press Trust of India (@PTI_News) May 6, 2026
इस वारदात के करीब एक घंटे बाद बशीरहाट जिले में एक अन्य घटना सामने आई, जहां भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय को भी गोली मार दी गई। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बीते दो दिनों में राज्य में हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें चंद्रनाथ रथ समेत 2 भाजपा कार्यकर्ता और 3 टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। इससे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस मामले में टीएमसी ने भी बयान जारी कर घटना की निंदा की है और कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की है। वहीं भाजपा नेताओं ने इस हमले के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की जांच शुरू कर दी गई है। एक संदिग्ध गाड़ी जब्त की गई है, जिसकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी। घटनास्थल से खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। आरोपियों की तलाश जारी है।
Akhil Mahajan