हरियाणा में अंधेरगर्दी: छात्रा से घर में घुसकर छेड़छाड़, विरोध किया तो भाई पर बरसाए लात घूंसे

बारहवीं कक्षा की छात्रा से पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट की। विरोध करने पर छोटे भाई पर भी हमला किया गया। पीड़िता परिवार समेत गांधी नगर थाना पहुंचा।

हरियाणा में अंधेरगर्दी: छात्रा से घर में घुसकर छेड़छाड़, विरोध किया तो भाई पर बरसाए लात घूंसे
  • बारहवीं की छात्रा से घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट
  • विरोध करने पर छात्रा और छोटे भाई पर हमला
  • पीड़िता परिवार सहित गांधी नगर थाना पहुंचा, शिकायत दर्ज

हरियाणा में  एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से उसके ही घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट की गई। आरोपी पड़ोस का ही युवक बताया जा रहा है। छात्रा के विरोध करने पर युवक ने उस पर हाथ उठाया और जब उसकी चीख सुनकर छोटा भाई मदद को दौड़ा तो आरोपी ने उसके सिर में भी चोट पहुंचाई।

परिवार द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, छात्रा के पिता मजदूरी करते हैं। सोमवार शाम छात्रा ट्यूशन पढ़कर घर लौटी थी। उस समय घर पर कोई बड़ा मौजूद नहीं था। तभी पड़ोस का युवक मौके का फायदा उठाकर घर में घुस गया। उसने छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की।

पीड़िता की चीख सुनकर उसका छोटा भाई, जो घर के बाहर खेल रहा था, अंदर आया और आरोपी को रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने उस पर भी किसी चीज से वार कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। यह मामला यमुनानगर का है।

इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। छात्रा ने तुरंत अपने पिता को फोन कर सारी वारदात बताई। पिता घर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल ले गए। मेडिकल कराने के बाद परिवार ने आरोपी के खिलाफ गांधी नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामले की शिकायत ले ली है, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।