यमुनानगर में किसानों का ट्रैक्टर मार्च अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का प्रदर्शन
हरियाणा के यमुनानगर में किसानों ने अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील के विरोध में ट्रैक्टर मार्च निकाला। जगाधरी अनाज मंडी से DC कार्यालय तक मार्च कर समझौते की प्रतियां जलाई गईं।
■ यमुनानगर में भाकियू (चढ़ूनी) के आह्वान पर किसानों ने निकाला ट्रैक्टर मार्च
■ जगाधरी अनाज मंडी से DC कार्यालय तक किया प्रदर्शन, ट्रेड डील की प्रतियां जलाईं
■ किसानों का आरोप— अमेरिका से कृषि उत्पाद आने पर फसल और आय पर पड़ेगा असर
हरियाणा के यमुनानगर में मंगलवार को किसानों ने अमेरिका के साथ हुए कृषि व्यापार समझौते के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के आह्वान पर किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और DC कार्यालय के बाहर समझौते की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया।जानकारी के अनुसार जगाधरी ब्लॉक के किसान सुबह करीब 10 बजे जगाधरी अनाज मंडी में अपने-अपने ट्रैक्टरों के साथ एकत्रित हुए। इसके बाद किसानों ने शहर में प्रदर्शन करते हुए तहसील कार्यालय से होते हुए DC कार्यालय तक ट्रैक्टर मार्च निकाला।
करीब सुबह 11 बजे किसान DC कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील के दस्तावेजों की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस समझौते को किसान विरोधी बताया।
प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर पुनर्विचार नहीं किया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
भाकियू (चढ़ूनी) के जिला अध्यक्ष संजू गुन्दियाना ने बताया कि सरकार द्वारा किए गए कृषि समझौते भारतीय किसानों के हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में किसानों के पास हजारों एकड़ जमीन होती है, जबकि भारत में अधिकांश किसान दो से तीन एकड़ जमीन पर ही खेती करते हैं।
उनके अनुसार यदि अमेरिका से कृषि उत्पाद भारत में आने लगे तो स्थानीय किसानों की फसल के दाम गिर सकते हैं और इससे उनकी आय पर गंभीर असर पड़ेगा।
ट्रैक्टर मार्च को सफल बनाने के लिए किसान नेताओं ने पहले ही जगाधरी ब्लॉक के कई गांवों में जाकर किसानों से अपील की थी। इसके बाद कैल, रुला खेड़ी, हरीपुर, हरनौल, खेड़ा और मानकपुर जैसे गांवों से किसान अपने ट्रैक्टर लेकर जगाधरी अनाज मंडी पहुंचे।
किसान संगठनों का कहना है कि यह ट्रैक्टर मार्च केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
किसान नेताओं ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर 23 मार्च को कुरुक्षेत्र के पिपली अनाज मंडी में बड़ी किसान रैली आयोजित की जाएगी।
इस रैली में प्रदेशभर से हजारों किसानों के पहुंचने की उम्मीद है।
किसानों का कहना है कि जब तक सरकार किसानों के हितों को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
shubham