बुजुर्गों की पेंशन पर फ‍िर गरमाई हरियाणा की राजनीति, अभय चौटाला ने CM सैनी से की मुलाकात;सरकार की घेराबंदी तेज,आंदोलन की चेतावनी भी दी

इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर हरियाणा में कटी हुई बुढ़ापा पेंशन बहाल करने और किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने 70 हजार से अधिक बुजुर्गों की पेंशन तुरंत बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

बुजुर्गों की पेंशन पर फ‍िर गरमाई हरियाणा की राजनीति, अभय चौटाला ने CM सैनी से की मुलाकात;सरकार की घेराबंदी तेज,आंदोलन की चेतावनी भी दी


■ बुजुर्गों की कटी पेंशन पर अभय चौटाला का सरकार पर तीखा हमला
■ 70 हजार से अधिक पेंशन तुरंत बहाल नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
■ CM आवास पर मुलाकात में किसानों के मुद्दे और सरसों की MSP खरीद भी उठाई


चंडीगढ़। हरियाणा में बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन का मुद्दे ने फ‍िर तूल पकड़ लिया है। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हजारों बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई है या उनकी पात्रता समाप्त कर दी गई है, जो बुजुर्गों के सम्मान के खिलाफ है। चौटाला ने साफ चेतावनी दी कि यदि 70 हजार से अधिक बुजुर्गों की पेंशन बिना शर्त तुरंत बहाल नहीं की गई तो इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।

यह मुलाकात वीरवार देर शाम मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जिसमें अभय चौटाला के साथ इनेलो के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान प्रदेश के कई ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन सबसे प्रमुख मुद्दा बुजुर्गों की पेंशन और किसानों की समस्याएं रहीं।

अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में करीब 75 हजार से 1 लाख बुजुर्गों की पेंशन या तो बंद कर दी गई है या रोक दी गई है। उन्होंने इसे बुजुर्गों के सम्मान पर हमला बताते हुए कहा कि सरकार को इस फैसले पर तुरंत पुनर्विचार करना चाहिए। चौटाला का कहना था कि बुजुर्गों को ऑनलाइन सिस्टम के नाम पर परेशान किया जा रहा है और कई पात्र नागरिकों को पेंशन से वंचित कर दिया गया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पेंशन काटने का फैसला पूरी तरह अनुचित है और इससे हजारों बुजुर्गों की आजीविका प्रभावित हो रही है। चौटाला ने सरकार से मांग की कि सभी पात्र बुजुर्गों की पेंशन बिना किसी शर्त के तुरंत बहाल की जाए और भविष्य में ऐसी समस्याएं न आएं, इसके लिए स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए।

बैठक में अभय चौटाला ने किसानों से जुड़े मुद्दे भी जोरदार तरीके से उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान सरसों की फसल की सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को तुरंत MSP पर खरीद शुरू करनी चाहिए ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। इसके अलावा उन्होंने आढ़तियों के लाइसेंस से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग की।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अभय चौटाला ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनकी सभी बातों को गंभीरता से सुना है और आश्वासन दिया है कि सरकार इन मुद्दों पर जल्द उचित कदम उठाएगी। हालांकि चौटाला ने यह भी कहा कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो इनेलो प्रदेशभर में आंदोलन शुरू करने से पीछे नहीं हटेगी।

इनेलो नेताओं का दावा है कि पार्टी के कड़े रुख और आंदोलन के ऐलान के कारण ही सरकार पर दबाव बना है और अब सरकार को बुजुर्गों की पेंशन के मुद्दे पर फैसला लेना पड़ा है। चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी बुजुर्गों, किसानों और आम लोगों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।