तमिलनाडु में एक्टर विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ
तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK को कांग्रेस, CPI, CPI(M) और VCK का समर्थन मिल गया है। बहुमत का आंकड़ा पूरा होने के बाद विजय का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
- तमिलनाडु में एक्टर विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ
- कांग्रेस के बाद CPI, CPI(M) और VCK भी TVK के समर्थन में आए
- 118 विधायकों का समर्थन जुटाने के बाद सरकार गठन की हलचल तेज
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। अभिनेता से नेता बने विजय का मुख्यमंत्री बनना अब लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को कांग्रेस के बाद अब CPI, CPI(M) और विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) का भी समर्थन मिल गया है।
इन समर्थन के बाद TVK के पास बहुमत का आंकड़ा पूरा होता दिखाई दे रहा है। तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है और अब पार्टी इस आंकड़े तक पहुंचती नजर आ रही है।
सूत्रों के मुताबिक विजय आज लगातार तीसरे दिन राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलने का समय मांग सकते हैं। इससे पहले 6 और 7 मई को भी विजय राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे, लेकिन दोनों बार उन्हें बहुमत का समर्थन पत्र लेकर आने को कहा गया था।
TVK ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीती हैं। वहीं विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। नियमों के अनुसार उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। ऐसे में पार्टी के पास प्रभावी रूप से 107 विधायक रह जाते हैं।
कांग्रेस के 5 विधायक पहले ही TVK को समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं। अब CPI, CPI(M) और VCK के समर्थन से बहुमत का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
सूत्रों का दावा है कि सरकार गठन के बाद सहयोगी दलों को भी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। विजय कैबिनेट में VCK को एक मंत्री पद और CPI-CPI(M) को कुल दो मंत्री पद दिए जा सकते हैं।
इधर TVK समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह चेन्नई स्थित गवर्नर हाउस के बाहर समर्थकों ने प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
राजनीतिक घटनाक्रम के बीच DMK और कांग्रेस के रिश्तों में भी दरार खुलकर सामने आ गई है। गठबंधन टूटने के बाद DMK ने लोकसभा में अपने सांसदों की सीट व्यवस्था बदलने की मांग की है। पार्टी नेता कनिमोझी करुणानिधि ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर कांग्रेस के साथ बैठने की व्यवस्था बदलने का अनुरोध किया है।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने CPI महासचिव डी. राजा से बात कर TVK को समर्थन देने की अपील की थी। इसके बाद CPI ने आधिकारिक तौर पर विजय की पार्टी को समर्थन देने का ऐलान कर दिया।
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। अगर राज्यपाल विजय को सरकार बनाने का न्योता देते हैं, तो राज्य में पहली बार किसी बड़े फिल्म स्टार के नेतृत्व में पूर्ण राजनीतिक सरकार बनती दिखाई दे सकती है।
Akhil Mahajan